Nainital News: डीएसबी परिसर में छात्र नेताओं ने किया जमकर हंगामा, भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों की तबीयत बिगड़ी
छात्रसंघ चुनाव की तिथि जारी करने की मांग को लेकर कुमाऊं विवि के प्रशासनिक भवन में भूख हड़ताल पर बैठे तीन छात्रों की तबीयत बिगड़ गई। आननफानन तीनों को बीडी पांडे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
विस्तार
छात्रसंघ चुनाव को लेकर छात्र नेताओं ने बुधवार को डीएसबी कॉलेज में तालाबंदी कर दी। इससे छात्र-छात्राएं कॉलेज में नहीं जा सके। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह छात्रों को शांत कराया, जिसके बाद छात्र-छात्राएं कॉलेज में प्रवेश कर सके लेकिन प्रदर्शनकारी छात्रों के हंगामे के चलते परिसर में कक्षाएं संचालित नहीं हो पाईं।
बुधवार सुबह करीब नौ बजे कई छात्र नेताओं ने डीएसबी परिसर के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया। छात्र नेताओं ने कॉलेज कर्मचारियों को तो भीतर जाने दिया लेकिन विद्यार्थियों को बाहर ही रोक लिया। इधर परिसर में विद्यार्थियों को प्रवेश ना देने की सूचना पर अन्य छात्र नेता भी गेट पर पहुंच गए और दोनों गुटों में बहस शुरू हो गई। जब कॉलेज के प्राध्यापकों ने गेट खोलने की मांग रखी तो छात्र नेताओं ने परिसर गेट पर ही परिसर निर्देशक प्रो. नीता बोरा शर्मा का घेराव किया।
हंगामे के दौरान विद्यार्थी करीब दो घंटे तक कॉलेज गेट के बाहर ही परेशान खड़े रहे। जब छात्र नेताओं ने कक्षाओं में जाकर कक्षाएं खाली कराना शुरू किया तो प्रबंधन ने पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह छात्र नेताओं को शांत कराकर परिसर का गेट खुलवाया और विद्यार्थी भीतर जा सके। कुलानुसाशक प्रो. एचसीएस बिष्ट ने पुलिस की मदद से परिसर में अराजकता फैलाने वाले छात्रों को परिसर से बाहर करवाया। साथ ही सभी छात्रों के परिचयपत्रों की भी जांच की।
जिन छात्रों के पास परिचयपत्र नहीं थे, उन्हें परिसर से बहार कर दिया गया। कुलानुशासक ने कहा कि परिसर की किसी भी दीवार पर किसी भी छात्र नेता की प्रचार की सामग्री नहीं लगेगी। यदि परिसर की दीवारों पर किसी छात्र नेता की प्रचार सामग्री पाई गई तो उसके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। वहीं एसओ रमेश बोरा ने बताया कि कानून का उल्लंघन करने वाले छात्रों पर कार्रवाई की जाएगी।
भूख हड़ताल पर बैठे तीन छात्रों की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती
छात्रसंघ चुनाव की तिथि जारी करने की मांग को लेकर कुमाऊं विवि के प्रशासनिक भवन में भूख हड़ताल पर बैठे तीन छात्रों की तबीयत बिगड़ गई। आननफानन तीनों को बीडी पांडे अस्पताल में भर्ती कराया गया। लाया गया जहां इलाज के बाद दो छात्रों को छुट्टी दे दी गई जबकि एक की हालत अधिक खराब होने से चलते उसे भर्ती किया गया है।
बता दें छात्र आशीष कबडवाल, विशाल बिष्ट, अभिषेक कुमार, करन सती, सौरभ कुमार और अंशुल कुमार मंगलवार से भूख हड़ताल पर बैठे हैं। बुधवार सुबह सौरभ कुमार, अभिषेक कुमार और अंशुल कुमार की हालत बिगड़ गई। तीनों को बीडी पांडे अस्पताल में भर्ती कराया गया। दो छात्रों को तो इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई लेकिन अंशुल अभी भर्ती है।
इधर छात्र नेताओं का कहना है कि छात्रसंघ चुनाव की तिथि जारी होने तक भूख हड़ताल जारी रहेगी। वहां हर्षित अधिकारी, कमलेश कुमार, प्रशांत मेहरा, सागर मेहरा, मोहित गोयल, देव चौहान, शुभम कुमार आदि थे। इधर कुलपति प्रो. डीएस रावत का कहना है कि छात्रों की मांग शासन स्तर तक पहुंचाई जा चुकी है। शासन स्तर पर वार्ता चल रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.