नैनीताल हाईकोर्ट: बिना अनुमति फैक्ट्री निर्माण पर जनहित याचिका, पक्षकारों को नोटिस जारी
नैनीताल हाईकोर्ट ने काशीपुर के ग्राम जुड़का कुंडेशरी में बिना राज्य सरकार और प्रदूषण बोर्ड की अनुमति से हो रहे फैक्ट्री निर्माण के खिलाफ दायर जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए पक्षकारों को नोटिस जारी कर चार सप्ताह में जवाब मांगा है।
विस्तार
नैनीताल हाईकोर्ट ने ग्राम जुड़का कुंडेशरी क्षेत्र काशीपुर में बिना राज्य सरकार और राज्य प्रदूषण बोर्ड की अनुमति के लगाई जा रही फैक्ट्री के मामले में दायर जनहित याचिका पर सुनवाई के बाद पक्षकारों को नोटिस जारी कर चार सप्ताह के भीतर जवाब दाखिल करने के निर्देश दिए हैं। सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की तरफ से कोर्ट को अवगत कराया गया कि सरकार ने फैक्ट्री के निर्माण पर रोक लगा दी है।
कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार तिवारी एवं न्यायमूर्ति सुभाष उपाध्याय की खंडपीठ के समक्ष मामले की सुनवाई हुई। मामले के अनुसार ग्राम जुड़का क्षेत्र कुंडेशरी काशीपुर के निवासियों और अधिवक्ता कृपाल सिंह ने हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर कर कहा था कि उनके क्षेत्र में राज्य सरकार और राज्य प्रदूषण बोर्ड की अनुमति लिए बिना अवैध तरीके से फैक्ट्री लगाई जा
रही है, जबकि यह घनी आबादी वाला क्षेत्र है। याचिका में कहा कि इसके लगने से यहां पर बहने वाली नदी और लगे ट्यूबेल का पानी दूषित होगा और क्षेत्र के लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ेगा। याचिकाकर्ता की ओर से कहा गया कि इस संबंध में क्षेत्रवासियों ने प्रशासन को ज्ञापन दिया गया। लेकिन उस पर कोई कार्यवाही नही की गई। याचिकाकर्ता ने इसके निर्माण पर रोक लगाने की प्रार्थना की थी।
