Uk: बुजुर्ग महिला को मारने वाले बाघ को पकड़ने की मंजूरी, वन विभाग अलर्ट; कैमरे लगाए
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की ढेला रेंज में जंगल गई एक बुजुर्ग महिला को बाघ ने मार डाला। घटना के बाद वन विभाग ने हमलावर बाघ को पकड़ने की मंजूरी दे दी है। बाघ की तलाश के लिए हाथी, ड्रोन और कैमरों की मदद से लगातार निगरानी की जा रही है।
विस्तार
रामनगर के कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के ढेला रेंज के जंगल में लकड़ी बीनने गई वृद्धा को मारने वाले बाघ की तलाश तेज हो गई है। बाघ को पकड़ने की अनुमति मिलने के बाद ट्रेंकुलाइज करने के लिए पशु चिकित्सक ने घटनास्थल के आसपास डेरा डाला हुआ है। हाथी और ड्रोन की मदद से बाघ की तलाश तेज कर दी गई है।
बता दें कि शुक्रवार को जंगल में लकड़ी बीनने गई सांवल्दे पश्चिमी की रहने वाली सुखिया देवी (65) पत्नी चंदन सिंह को बाघ ने मार डाला था। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने ढेला-रामनगर मार्ग पर करीब दो घंटे जाम लगा दिया। वन विभाग और पुलिस ने किसी तरह ग्रामीणों को समझाते हुए जाम खुलवाया। इधर वन विभाग ने घटनास्थल पर पिंजरा लगाया है जहां पर मृतका के कपड़े रखे हुए हैं। वन विभाग के मुताबिक बाघ जिसका शिकार करता है उसकी गंध को पहचानता है। ऐसे में वृद्धा के कपड़ों की गंध के पास बाघ जरूर आएगा। घटनास्थल के आसपास पशु चिकित्सक डॉ. राहुल सती डेरा डाले हुए हैं। सीटीआर निदेशक डॉ. साकेत बडोला ने बताया कि मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) रंजन कुमार मिश्रा से बाघ को पकड़ने की अनुमति मिल गई है। संभावित इलाकों में कैमरा ट्रैप लगाए जा रहे हैं, वहीं ड्रोन की मदद से भी बाघ की लगातार निगरानी की जा रही है। ग्रामीणों से आरक्षित वन क्षेत्र में प्रवेश न करने की अपील की गई है।
शनिवार दोपहर को बाघ ने सड़क पार की
मुआवजे की तीस फीसदी धनराशि का चेक दिया
ढेला रेंजर ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार के बाद मुआवजा राशि का तीस फीसदी यानी तीन लाख रुपये का चेक परिजनों को दिया गया। 70 फीसदी यानी सात लाख का चेक बाद में दिया जाएगा।
हमलावर बाघ या बाघिन संशय बरकरार
वृद्धा पर हमला करने वाला बाघ या फिर बाघिन है, इस पर संशय बना हुआ है। ढेला रेंजर के अनुसार, घटना स्थल पर मिले पंजों के निशान बाघिन के दिख रहे हैं। फिर भी अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगा।
पुलिस की मौजूदगी में वृद्धा का अंतिम संस्कार
बाघ के हमले में मारी गई सुखिया देवी के शव का शनिवार सुबह डॉक्टरों के पैनल के समक्ष पोस्टमार्टम कराया गया। बाद में गांव के श्मशान घाट में भारी संख्या में पुलिस बल की मौजू्दगी में अंतिम संस्कार हुआ। पोस्टमार्टम के दौरान यहां पशु चिकित्सक भी मौजूद थे। पीएम के बाद पुलिस की सुरक्षा में शव को सांवल्दे पश्चिमी घर से गांव के श्मशान घाट पर ले जाया गया। पोस्टमार्टम के दौरान सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। इस दौरान एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कतियाल, सीओ रामनगर सुमित पांडे, कोतवाल सुशील कुमार सहित आदि पुलिस कर्मी तैनात रहे।