हल्द्वानी: पुलिस पर धार्मिक आयोजन में अभद्रता का आरोप, चौकी घेरी, जमकर किया हंगामा; प्रभारी हटाने की मांग
राजपुरा चौकी क्षेत्र के लोगों ने शनिवार दोपहर घेराव कर प्रदर्शन किया और चौकी प्रभारी आरती को हटाने की मांग की। लोगों का आरोप है कि पड़ाव इलाके में शुक्रवार रात चल रहे धार्मिक आयोजन को बंद कराने पहुंचे पुलिसकर्मियों ने मोहलत मांगने पर अभद्रता की।
विस्तार
कोतवाली हल्द्वानी की राजपुरा चौकी में शनिवार को स्थानीय लोगों ने घेराव कर धरना प्रदर्शन किया। चौकी प्रभारी को हटाने और अन्य पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई करने की मांग की। आरोप है कि शुक्रवार रात खाटू श्याम जागरण के दौरान पहुंचकर पुलिसकर्मियों और चौकी प्रभारी ने श्रद्धालुओं से अभद्रता की और मारपीट कर उनका सामान भी जब्त कर लिया। करीब दो-ढाई घंटे तक चले हंगामे के बाद कोतवाली के अधिकारियों के समझाने पर लोग शांत हुए।
राजपुरा के पड़ाव की रहने वाली ऊषा ने बताया कि शुक्रवार रात खाटू श्याम बाबा का जागरण चल रहा था। इसकी अनुमति भी पुलिस से ली गई थी। इसके बावजूद शुक्रवार रात पुलिसकर्मी वहां पहुंचे और जूते पहनकर पंडाल में घुसे और अभद्रता, गाली-गलौज करते हुए जागरण बंद करने की बात कहने लगे। वहीं एक महिला ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को पुरुष पुलिसकर्मियों ने गलत तरीके से पकड़ा और खींचकर ले जाने लगे। उससे हाथापाई भी की। वहीं महिला ने खुद पर भी लाठी से हमला करने का आरोप लगाया। कहा कि पुलिसकर्मियों ने जूते पहनकर पंडाल को खंडित करके उनकी धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाई। विरोध करने पर पुलिसकर्मियों ने मारपीट भी की।
देर रात दो बजे तक जागरण में डीजे बजने की शिकायत उच्चाधिकारियों तक पहुंची थी। तुरंत फोर्स भेजकर शांति व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए गए। भीड़ डीजे बंद करने के लिए नहीं मानी तब पुलिस ने बंद कराया। लोगों की ओर से लगाए आरोप निराधार हैं। फिलहाल बातचीत के बाद लोगों को समझाकर शांत करा दिया गया है। हरबंस सिंह, एसपी सिटी
स्थानीय पार्षद मीना कश्यप ने बताया कि भजन कीर्तन का दौरान पुलिसवालों ने डीजे बंद करने की बात कही और जूते-चप्पलों से चौकी प्रभारी और उनकी टीम पांडाल पर चढ़ी और डीजे वाले का कॉलर पकड़कर खींचने लगे। पुलिस ने लाठियां तक फटकारीं। पार्षद रोहित कुमार ने चार से पांच महिलाओं के साथ अभद्रता, उन्हें बुरी तरह पीटने का आरोप लगाया। राज्य आंदोलनकारी ललित जोशी ने चौकी पहुंचकर लोगों को समर्थन दिया और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। घेराव और प्रदर्शन के दौरान सुनीता देवी, रजनी देवी, मायावती, शीतल, पूनम, मुन्नी, डॉली, गीता, जशोदा, मिल्की, अनीता, पायल, शोभा, राधा, गुड्डी, पूनम, मिथलेश, बबली, आरती, सुनीता, मधु, अनीता, संगीता, गौतम मौजूद रहे।
