Uttarakhand: क्या अवकाश के बाद सड़कें बन गई हैं जाम का अड्डा? चारों ओर लगी वाहनों की लाइन; जिम्मेदार कौन?
हल्द्वानी शहर में चहल-पहल बढ़ी तो सड़कों पर वाहनों का दबाव भी दिखा। नैनीताल रोड के जरिये पर्यटक वापस लौटे तो दिन में कई बार जाम लगा। कालाढूंगी रोड पर भी वाहनों की लंबी लाइन लगी थी।
विस्तार
अवकाश के बाद जब हल्द्वानी शहर में चहल-पहल बढ़ी तो सड़कों पर वाहनों का दबाव भी दिखा। नैनीताल रोड के जरिये पर्यटक वापस लौटे तो दिन में कई बार जाम लगा। दोपहर 12 बजे से एक बजे के बीच तो रोडवेज स्टेशन से लेकर नगर निगम तक कई बार वाहनों की लंबी लाइन लगी। इसमें एंबुलेंस तक फंसी रही। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने यातायात सुचारु किया।
कालाढूंगी रोड पर भी वाहनों की लंबी लाइन लगी थी। कालूसिद्ध मंदिर के पास वाहनों रामपुर व बरेली रोड के साथ ही कालाढूंगी रोड के वाहनों का जमावड़ा लग गया। ई-रिक्शा और टैंपो स्टैंड के पास भी बेतरतीब संचालन के कारण वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लगते रहे। नैनीताल रोड पर एसएसपी कार्यालय के सामने ही जाम लगा। नगर निगम के पास से कालाढूंगी रोड की ओर जाने वाले मार्ग पर भी गाड़ियां आड़ी-तिरछी खड़ी होने से लोग परेशान हुए। तिकोनिया चौराहा भी कुछ देर के लिए जाम से जूझा।
थार ने ठेले को मारा टक्कर, सड़क पर गिरी सब्जियां
मंगल पड़ाव में शुक्रवार को थार चालक ने नशे में ठेले को टक्कर मार दी। ठेले से सब्जियां सड़क पर गिर गईं। पुलिस के अनुसार मुखानी निवासी थार चालक ने सड़क किनारे ठेले को टक्कर मारी और फिर वाहन का पहिया एक राहगीर के पैर पर चढ़ गया। लोगों ने वाहन रोका और वहां विवाद शुरू हो गया। इससे बरेली रोड पर भी जाम लग गया। चौकी प्रभारी मंगलपड़ाव गौरव जोशी ने बताया कि थार चालक का पुलिस एक्ट में चालान किया गया है। थार सीज कर दी गई है। वाहन चालक नशे में था।