हल्द्वानी। प्रमुख वन संरक्षक अनूप मलिक ने शुक्रवार को फतेहपुर रेंज में वनाधिकारियों के साथ जंगल की आग को लेकर समीक्षा बैठक की। इसमें जंगल की आग की घटनाओं को देखते हुए क्रू स्टेशन आदि पर अधिक फॉयर वाचर तैनात करने के निर्देश दिए।
पीसीसीएफ मलिक ने निर्देश दिया कि आग बुझाने का काम में पूरी सावधानी बरती जाए ताकि कोई भी वन कर्मी प्रभावित न हो। उन्होंने एसडीआरएफ कोष से राशि प्राप्त कर वनाग्नि नियंत्रण के कामों के लिए वाहन, संसाधन जुटाने को भी कहा। पीसीसीएफ ने कार्बेट पार्क में भी जंगल की आग के नियंत्रण के कार्यों की समीक्षा की। किसी भी हाल में कार्बेट पार्क में आग न लगे, इसे सुनिश्चित करने का निर्देश अधिकारियों को दिया है। इससे पूर्व पीसीसीएफ रामनगर वन प्रभाग के फतेहपुर रेंज में पहुंचे और आदमखोर बाघ को पकड़ने/ मारने को लेकर चल रहे अभियान की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने पनियाली के जंगल में बाघ को मारने आदि के लिए बनाए गए मचान को देखने के साथ पशु चिकित्सक आदि से वार्ता कर आवश्यक निर्देश दिए। कहा कि जहां पर अभियान चल रहा है, उसके आसपास करीब तीस गांव है। वहां वन विभाग लगातार मुनादी कराकर लोगों को अभियान पूरा होने तक जंगल न जाने की अपील करें। इस दौरान मुख्य वन संरक्षक कुमाऊं डॉ. तेजस्विनी पाटिल, वन संरक्षक दीप आर्या, कार्बेट पार्क निदेशक राहुल, डीएफओ रामनगर चंद्रशेखर जोशी आदि थे।