शुद्धिकरण मामले में कांग्रेस का हल्लाबोल: पुलिस भवन घेरा; नेता प्रतिपक्ष के साथ कई कांग्रेस नेता पहुंचे
राहुल गांधी के खिलाफ हल्द्वानी में एफआईआर दर्ज होने के बाद सोमवार को नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और विधायक सुमित हृदयेश समेत कांग्रेस नेताओं ने पुलिस बहुउद्देशीय भवन का घेराव किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हल्द्वानी में कांग्रेस नेता व लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। सोमवार को नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश समेत कई कांग्रेस नेताओं ने पुलिस बहुउद्देशीय भवन का घेराव किया और 16 दिन पहले कांग्रेस की तरफ से दी गई तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज न होने पर सवाल उठाते हुए पुलिस अधिकारियों को खरीखोटी सुनाईं। दो घंटे तक बातचीत का सिलसिला चलता रहा। आखिर एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब कांग्रेसी माने और एफआईआर दर्ज न होने पर मंगलवार को फिर घेराव करने की धमकी दी।
सुबह करीब 12:30 बजे नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, विधायक सुमित हृदयेश, पूर्व विधायक रणजीत रावत, जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल, महानगर अध्यक्ष गोविंद बिष्ट और ललित जोशी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता पुलिस बहुउद्देशीय भवन का घेराव करने पहुंचे। सीओ सिटी अमित कुमार सैनी के कार्यालय में उन्होंने कानून और विधिक प्रावधानों पर बातचीत करते हुए 15 दिन पहले रामलीला मैदान में हुए शुद्धिकरण मामले की प्राथमिकी दर्ज न होने का सवाल उठाया।
वहीं, राहुल गांधी के खिलाफ तहरीर मिलने के कुछ ही घंटे में प्राथमिकी दर्ज करने पर अधिकारियों के समक्ष अपनी नाराजगी व्यक्त की। सीओ सिटी के जवाब से संतुष्ट न होने पर कांग्रेसियों ने एसएसपी से मिलने की मांग उठाई। उन्होंने साफ कह दिया कि जब तक एसएसपी नहीं आएंगे, वे यही बैठे रहेंगे।
करीब एक घंटे बाद एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी कांग्रेस नेताओं से मिलने सीओ कार्यालय में पहुंचे। कांग्रेसियों ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे की रैली के बाद रामलीला मैदान का शुद्धीकरण करने वालों के खिलाफ दी गई तहरीर पर कार्रवाई न करने की वजह पूछी। दोनों पक्षों में लंबी बातचीत हुई। आखिर एसएसपी ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद गोविंद सिंह ने तहरीर दी जिस पर पुलिस ने रिसीविंग भी दी। नेता प्रतिपक्ष ने चेतावनी दी कि शाम तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई तो मंगलवार को दोबारा घेराव किया जाएगा।
विपक्ष के सवालों पर केवल जांच का आश्वासन
कांग्रेस नेताओं का कहना था कि राहुल गांधी के खिलाफ पुलिस के पास रविवार को तहरीर मिली थी। उस पर कुछ ही घंटे में किस आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई। वहीं अगला सवाल दागा कि 15 दिन पहले शुद्धिकरण मामले में कांग्रेस नेता की तरफ से तहरीर दी गई थी उस पर पुलिस ने कार्रवाई अब तक क्यों नहीं की। इसके अलावा एआई वीडियो वायरल करने को लेकर भी एसएसपी से सवाल किया। इन तमाम सवालों के बीच एसएसपी केवल जांच का आश्वासन देते नजर आए।
मामले में जांच की जा रही है। उच्चाधिकारियों के संज्ञान में भी है। जल्द ही जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। -डॉ. मंजुनाथ टीसी, एसएसपी नैनीताल
यह है मामला
बीती आठ अगस्त के नैनीताल जिले के हल्द्वानी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष व राज्यसभा में नेता विपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की विजय शंखनाद रैली हुई थी। उसके बाद एक संगठन की ओर से रामलीला मैदान का शुद्धीकरण किया गया। 13 अगस्त को खरगे ने यह मामला राज्यसभा में उठाया। अब 29 अगस्त को राहुल गांधी ने लोकसभा में मामला उठाते हुए, कार्रवाई न होने पर सवाल खड़े किए। इस पर शुद्धीकरण को जातिगत रंग देने का आरोप लगाते हुए राहुल गांधी के खिलाफ श्रीराम सेना धर्मार्थ सेवा समिति की ओर से रविवार को हल्द्वानी थाने में तहरीर दी गई। इस पर एससीएसटी समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। इससे सोमवार को कांग्रेसी गुस्सा उठे और कुमाऊं भर में प्रदर्शन किया।