Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में 16 जनवरी तक नहीं मिलेगी राहत, येलो और आरेंज अलर्ट जारी
Uttarakhand Weather: हल्द्वानी में पहाड़ की सूखी ठंडी हवा और बाहर से आ रही पश्चिमी हवा के कारण कड़ाके की सर्दी हो रही है।
विस्तार
उत्तराखंड के कुमाऊं में भले ही इस सीजन अभी तक बारिश या बर्फबारी नहीं हुई है, लेकिन मौसम ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। वहीं, दिनभर चलीं सर्द हवाओं से हल्द्वानी में शुक्रवार का तापमान लुढ़ककर मुक्तेश्वर से भी नीचे चला गया। ठिठुरन भरे माहौल में लोग धूप के दर्शन को तरस गए। वहीं नैनीताल, भीमताल समेत पर्वतीय जिलों में दिन में धूप खिलने से मौसम खुशगवार रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिन तक मौसम में कोई बदलाव नहीं है। मैदानी इलाकों में शीत दिवस और घने कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
शुक्रवार को दिन का तापमान सामान्य से छह डिग्री कम 12.5 डिग्री पर आ गया जबकि रात का तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं मुक्तेश्वर जैसे ठंडे इलाके में दिन का तापमान 18.7 डिग्री और न्यूनतम 5.3 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह कोहरा और दिनभर सर्द हवा से शहर में जहां व्यापारिक गतिविधियां काफी कम रहीं वहीं सड़कों पर वाहनों की भीड़ भी कम देखने को मिली। जगह-जगह लोग अलाव सेंकते दिखे।
पछुवा और पहाड़ों की ठंडी हवा ने बढ़ाई सर्दी
हल्द्वानी में पहाड़ की सूखी ठंडी हवा और बाहर से आ रही पश्चिमी हवा के कारण कड़ाके की सर्दी हो रही है। पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय में मौसम जानकार डॉ. आरके सिंह ने बताया कि बारिश नहीं हो रही, पहाड़ और मैदान की हवाओं के मिश्रण ने ठंड बढ़ा दी है। अभी कुछ दिन शीत दिवस रहेंगे।
फिर लेट हुई बाघ एक्सप्रेस
हल्द्वानी में ठंड के साथ कोहरे के कहर से यातायात पर बुरा असर पड़ रहा है। कोहरे के चलते बस और ट्रेन लेट होने का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को हावड़ा से काठगोदाम रेलवे स्टेशन तक संचालित होने वाली बाघ एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से करीब दो घंटे देरी से काठगोदाम स्टेशन पहुंची। इधर रोडवेज में स्थिति सामान्य रहीं।
पूर्वाेत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल को 268 फाग सेफ डिवाइस मिले
हल्द्वानी में कोहरे में ट्रेन संचालन के लिए पूर्वाेत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल को 268 फाग सेफ डिवाइस मिले हैं। इससे घने कोहरे में ट्रेन के संचालन में काफी आसानी होगी। पूर्वाेत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल के जनसंपर्क अधिकारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि इन फाग सेफ डिवाइस से ट्रेनों की संरक्षा सुनिश्चित रहती है।
इस बार भी कोहरे के चलते रेलवे प्रशासन की ओर से कई ट्रेनों को निरस्त भी किया गया है। ऐसे में जीपीएस आधारित फाग सेफ डिवाइस सभी प्रकार के सिंगल लाइन, डबल लाइन और सभी प्रकार के विद्युत और डीजल इंजनों की गाड़ियों के लिये उपयुक्त है। यह पांच सौ मीटर के आगे आने वाले तीन निर्धारित सीमा चिन्ह की सूचना वायरलैस मैसेज के साथ प्रदर्शित करता है। इस डिवाइस में 18 घंटे का इन-बिल्ट रीचार्जेबल बैटरी बैकअप दिया गया है।