पैकेजिंग कंपनी में भीषण आग: 30-35 लाख रुपये के सामान के जलने का अनुमान, किच्छा और रुद्रपुर से दमकल पहुंची
किच्छा के ग्राम मलसा गिरधरपुर स्थित जिंदल पैकेजिंग कंपनी में रविवार देर रात भीषण आग लग गई। अनुमान है कि 30 से 35 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग पर काबू पाने के लिए किच्छा और रुद्रपुर से दमकल गाड़ियां बुलाई गईं।
विस्तार
किच्छा शहर के ग्राम मलसा गिरधरपुर स्थित जिंदल पैकेजिंग कंपनी में रविवार देर रात भीषण आग लग गई। इस घटना में कंपनी का 30 से 35 लाख रुपये का सामान जलकर राख होने का अनुमान है।आग पर काबू पाने के लिए किच्छा और रुद्रपुर से दमकल गाड़ियों को बुलाया गया।
बताया जा रहा है कि आग रात लगभग सवा नौ बजे बिजली के शार्ट सर्किट के कारण लगी। यह कंपनी प्लास्टिक का घरेलू सामान और विभिन्न उद्योगों के लिए पैकेजिंग पैकेट बनाती है। कंपनी अधिकारियों के अनुसार, आग से मशीनें, तैयार माल और कच्चा माल पूरी तरह जल गए। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर स्टेशन प्रभारी चंद्र प्रकाश के निर्देश पर बचाव कार्य शुरू किया गया। रुद्रपुर से दो और किच्छा से एक दमकल वाहन घटनास्थल पर पहुंचा। तीनों दमकल कर्मियों ने लगातार पानी की पंपिग कर लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। इस अग्निकांड में किसी प्रकार की जनहानि होने की सूचना नहीं है।