Nainital: मौत के बाद पत्थरदिल बने सिस्टम ने परिजनों को रुलाया, इस वजह से पुलिस का इंतजार करते रहे परिवार वाले
नैनीताल-भवाली रोड पर पहाड़ी से गिरे बोल्डर की चपेट में आने से स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई। पीछे बैठी युवती को भी चोट आई हैं। युवती का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
विस्तार
बोल्डर गिरने के कारण सड़क हादसे में युवक की मौत से गमगीन परिजनों को सिस्टम ने और रुला दिया। हादसे के सवा तीन घंटे बाद तक पुलिस ने परिजनों को पंचनामे के लिए इंतजार कराया। शाम करीब साढ़े पांच बजे परिजनों को युवक का शव मिल पाया। सीमा विवाद के चलते परिजनों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी।
नैनीताल-भवाली रोड पर दोपहर करीब एक बजे पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से स्कूटी सवार ढुंगानी श्यामखेत भवाली निवासी रमेश चंद्र (33) घायल हो गए। पुलिस ने घायल को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लगभग एक बजे हादसा होने के बाद दोपहर करीब दो बजे अस्पताल से पीआई मल्लीताल कोतवाली भेजी गई। बताते हैं कि हादसा तल्लीताल क्षेत्र में होने के कारण कोतवाली पुलिस ने तल्लीताल पुलिस पर मामला थोप दिया।
सूचना के बाद श्यामखेत से मृतक के परिजन बीडी पांडे अस्पताल पहुंच गए लेकिन पुलिस नहीं पहुंची। घटना से गमगीन परिजन शाम चार बजे तक अस्पताल में शव के लिए इंतजार में रोते-बिलखते रहे। लेटलतीफी के बाबत जानकारी लेने के लिए स्वजन भटकते रहे लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हुई। शाम करीब सवा चार बजे तल्लीताल पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर पंचनामे की कार्रवाई शुरू की। परिजनों के मुताबिक करीब साढ़े पांच बजे युवक का शव परिजनों को सौंपा गया। इसके बाद परिजन 15 किमी दूर घर के लिए शव लेकर रवाना हो गए। तल्लीताल थाने के एएसआई सुनील कुमार ने बताया कि देर शाम पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
मामले में उन्हें फोन कर जानकारी दी गई थी। इस पर तल्लीताल पुलिस को पंचनामे के लिए निर्देशित कर दिया था। अगर मामले में लापरवाही हुई है तो जांच की जाएगी। - डॉ. जगदीश चंद्रा, एसपी क्राइम
परिजनों का निर्माणाधीन सड़क से पत्थर गिरने का आरोप
नैनीताल-भवाली मार्ग पर कैलाखान क्षेत्र में जिस स्थान पर पहाड़ी से पत्थर गिरे, ठीक उसके ऊपर सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है। बुधवार को भी मजदूर दीवार निर्माण के कार्य में जुटे हुए थे जहां पत्थरों को रोकने के लिए विभाग ने पर्याप्त इंतजाम नहीं किए हैं। हादसे के बाद मृतक के परिजनों व टैक्सी चालकों ने आरोप लगाया है कि सड़क के दीवार निर्माण में लापरवाही के चलते पत्थर गिरने से रमेश की मौत हुई है। मृतक के भाई ने बताया कि जल्द ही वह तहरीर देकर कार्रवाई की मांग करेंगे। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रत्नेश कुमार सक्सेना का कहना है कि सड़क पर गिरे पत्थर पहाड़ी पर हुए भूस्खलन के बाद गिरे हैं न कि सड़क निर्माण के दौरान किसी लापरवाही से।