Haldwani Violence: घर के चौखट से दो कदम दूर खड़ी थी मौत, गोली लगने से चली गई जान
बनभूलपुरा में उपद्रव के दौरान गोली लगने से घायल गफूर बस्ती निवासी युवक की सुशीला तिवारी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई है। पुलिस के अनुसार अब तक घटना में छह लोगों की मौत हुई।
विस्तार
बनभूलपुरा में आठ फरवरी को उपद्रव के दौरान गोली लगने से घायल गफूर बस्ती निवासी युवक की सुशीला तिवारी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई है। पुलिस के अनुसार अब तक घटना में छह लोगों की मौत हुई। वहीं, पुलिस ने बनभूलपुरा के मलिक के बगीचा में जहां पर मदरसा और नमाज स्थल ध्वस्त करने पर लेकर उपद्रव हुआ था, उस जगह पर देखरेख चौकी को शुरू कर दिया है।
गफूर बस्ती निवासी मो. इसरार (50) पुत्र इकबाल हुसैन निवासी गफूर बस्ती को आठ फरवरी को उपद्रव के दौरान रात करीब आठ बजे गोली लग गई थी। घायल इसरार का इलाज सुशीला तिवारी अस्पताल में चल रहा था जहां उसकी मौत हो गई। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। वहीं, पुलिस का उपद्रव वाले क्षेत्र बनभूलपुरा में सर्च ऑपरेशन जारी है। इसमें 35 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। इसके अलावा एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा ने मलिक के बगीचा में देखरेख चौकी को खोल दिया गया है। लोगों की चिकित्सीय मदद के लिए डीएम के निर्देश पर सीएमओ कैंप कार्यालय में 24 घंटे कंट्रोल रूम भी स्थापित किया है।
ये पढ़ें- Haldwani: जानिए कितनी बार सर्च किया गया हल्द्वानी हिंसा का मास्टरमाइंड, देशभर में लोगों ने खोजा मलिक का नाम
नगर निगम की टीम हिंसा वाले इलाके से जले वाहनों को निकालने में लगी हुई है। जली हुई जेसीबी समेत अन्य वाहनों को निकाला गया है। कर्फ्यूगस्त इलाके समेत शहर में कड़ी सुरक्षा है। लोगों की मदद के लिए राशन, सब्जी आदि का वितरण किया गया। वहीं, बनभूलपुर थाना क्षेत्र को छोड़कर नगर के अन्य जगहों से कर्फ्यू हट चुका है लेकिन स्थिति सामान्य नहीं हुई है। बाजार में ग्राहक कम पहुंचे हैं।
सत्यापन की मांग
कमलुवागांजा क्षेत्र में युवा संकल्प सेवा समिति ने मंगलवार को हनुमान चालीसा का पाठ किया। बाहरी लोगों को दुकान देने से पहले सत्यापन कराने आदि का अनुरोध किया है। इसे देखते हुए संबंधित इलाके में सुबह से सुरक्षा बल को तैनात किया गया है।