हल्द्वानी। उत्तराखंड की रणजी टीम से खेल रहे हल्द्वानी गौलापार के कमल कन्याल ने महाराष्ट्र के खिलाफ शतक जड़कर शानदार प्रदर्शन किया है। महाराष्ट्र के खिलाफ उत्तराखंड की टीम में फेरबदल करने के बाद कमल कन्याल को टीम में शामिल किया गया था। कमल ने इस सीजन में अब तक एक दोहरा, दो शतक समेत 809 रन बनाए हैं।
महाराष्ट्र के भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में महाराष्ट्र की टीम ने पहले बल्लेबाजी की लेकिन उत्तराखंड के गेंदबाजों ने उन्हें 207 रन पर समेट दिया। महाराष्ट्र की ओर से वीमोरे ने 59, ए पालेकर ने 60 रनों की पारी खेली। उत्तराखंड के लिए अग्रिम तिवारी और प्रदीप चमोली ने 3-3 और मयंक मिश्रा ने 2 विकेट लिए। कमल कन्याल ने 160 गेंदों में 101 रन बनाकर शतक पूरा किया। कमल वर्तमान में दोनहरिया स्थित कोल्ट्स क्रिकेट एकेडमी से प्रशिक्षण ले रहे हैं। कमल की उपलब्धि पर कोच मनोज भट्ट, निश्चल जोशी, नैनीताल क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव दीपक मेहरा, उपाध्यक्ष विनय शाह, जगदीश बोरा, कोषाध्यक्ष कमल पपनै, विकास पांडे,सुनील शाह, किशन अनेरिया, लीला कांडपाल आदि ने बधाई दी है।