धनतेरस आज: त्योहार पर रौनक की रोशनी में नहाए बाजार, दिपावली के लिए सजा शहर; उमड़ रहे खरीदार
धनतेरस की चमक हल्द्वानी के बाजारों में उतर आई है, जहां सोने-चांदी के आभूषण, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक सामान और वाहनों की खरीदारी के लिए भीड़ उमड़ रही है। कारोबारियों को उम्मीद है कि धनतेरस से दिवाली तक तीन दिन में खरीदारी के पुराने रिकॉर्ड टूटेंगे।
विस्तार
त्योहार की चमक बाजारों में उतर आई है। कहीं सोने-चांदी के आभूषण ग्राहकों को लुभा रहे हैं तो कहीं बर्तनों, इलेक्ट्रॉनिक सामान और वाहनों की खरीदारी के लिए भीड़ उमड़ रही है। आज धनतेरस के लिए हल्द्वानी के बाजार पूरी तरह तैयार हैं। कारोबारियों को उम्मीद है कि धनतेरस से दिवाली तक तीन दिन में खरीदारी के पुराने रिकॉर्ड टूटेंगे और 150 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार होगा।
सदर बाजार, मीरा मार्ग, कारखाना बाजार, पटेल चौक, मंगल पड़ाव और बर्तन बाजार में बीते दो दिन से लगातार भीड़ बढ़ रही है। बृहस्पतिवार को भी इन बाजारों में पैर रखने की जगह नहीं थी। व्यापारियों का कहना है कि इस बार जीएसटी घटने और सोना-चांदी के दाम गिरने से बाजार में पिछले साल से ज्यादा रौनक है।
कारोबारियों का मानना है कि इस बार धनतेरस से दीपावली तक हल्द्वानी में अकेले ज्वैलरी में ही 40-50 करोड़ के कारोबार का अनुमान है। बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक और वाहन मिलाकर कुल कारोबार 150 करोड़ के पार जाने की उम्मीद है।
मिट्टी के खिलौने सजे, खील-बताशों की मिठास
पटेल चौक से जैसे ही बाजारों का रूख करते हैं तो जगह जगह पटरी पर खील-बताशे और चीनी-मिट्टी के खिलौनों की दुकानें नजर आती हैं। विभिन्न स्थानों से पहुंचे कारोबारी खील-खिलौने बेच रहे हैं। दुकानदार रामलखन मौर्य के मुताबिक खील 60-80 रुपये किलो, बताशे 80-100 रुपये किलो, मिट्टी के खिलौने 20 से 150 रुपये तक हैं। लक्ष्मी-गणेश, कुबेर और धन्वंतरि की मिट्टी की मूर्तियां भी खूब बिक रही हैं।
रंग-बिरंगी झालरों से जगमगाएंगे घर-आंगन
बाजार में घर सजाने के लिए झालरों की सबसे ज्यादा मांग है। एलईडी झालर 80 रुपये से 1500 रुपये तक, आर्टिफिशियल फूलों की झालर 20 से 500 रुपये तक है। इस बार वाटर प्रूफ और स्टार-कर्टेन वाली झालर ट्रेंड में है। दुकानदारों ने घर के बाहर के लिए 50-100 फीट लंबी झालरें भी मंगाई हैं। कारोबारी मयंक गुप्ता के मुताबिक इस बार चायनीज के साथ साथ देशी झालरों की भी खूब मांग है।
बर्तन बाजार : पीतल से स्टील तक, बर्तनों की चमक पर धनतेरस का रंग
धनतेरस पर सबसे अधिक खरीद बर्तन बाजार में ही होती है। बर्तन बाजार सुबह से ही खुल जाता है और देर रात तक यहां दुकानदारी चलती है। पीतल, तांबा और स्टील के बर्तनों की सबसे ज्यादा मांग है। कारोबारी राजीव अग्रवाल के मुताबिक कई दुकानों में पुराने बर्तन लाओ-नए ले जाओ का ऑफर भी चल रहा है। उन्होंने बताया कि पीतल का दीपक 150 रुपये से, तांबे का लोटा 400 रुपये से, स्टील डिनर सेट 1500 रुपये से शुरू है। कुकर, कड़ाही और क्रॉकरी पर 20-30 फीसदी की छूट भी है।
गिफ्ट आइटम : अपनों के लिए उपहारों की सजी सौगात
बाजार के अलावा नैनीताल रोड, रामपुर रोड, बरेली रोड और कालाढूंगी रोड की कई दुकानों में गिफ्ट आइटम सजे हैं। यहां देने-लेने के लिए ड्राई फ्रूट्स, चॉकलेट बॉक्स, शोपीस, फोटो फ्रेम, कैंडल सेट और क्रॉकरी गिफ्ट पैक की धूम है। दुकानदार राहुल बिष्ट ने बताया कि उनके यहां 199 रुपये से 1999 रुपये तक के रेडीमेड गिफ्ट पैक उपलब्ध हैं।
ज्वैलरी : सोने-चांदी की चमक से दमक उठा सराफा बाजार
सर्राफा बाजार में इस बार सबसे बड़ी चमक है। सोना-चांदी के दाम कुछ नीचे आने से ग्राहकों का रुख सराफा की ओर हुआ है। ज्वैलर्स मोहन लाल वर्मा के मुताबिक लाइटवेट नेकलेस, चूड़ियां, कान के टॉप्स ट्रेंड में हैं। चांदी में लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति, सिक्का और पूजा की थाली सबसे ज्यादा बिक रही है। ज्वैलर्स मेकिंग चार्ज में कुछ छूट है।
झाड़ू की खरीदारी से खुलेगी समृद्धि की राह
धनतेरस पर झाड़ू खरीदना शुभ माना जाता है। रस्सी बाजार भी इसके लिए सज गया है। कारोबारी राधेश्याम के मुताबिक बाजार में फूल झाड़ू 80 से 250 रुपये, नारियल झाड़ू 60 से 150 रुपये, प्लास्टिक वाइपर्स 150 से 500 रुपये तक बिक रहे हैं।
इलेक्ट्रोनिक : टीवी से वॉशिंग मशीन तक ऑफर की धूम
रेलवे बाजार, नैनीताल रोड, बरेली रोड और कालाढूंगी रोड में स्थित इलेट्रानिक्स शो रूम में टीवी, वॉशिंग मशीन, मिक्सर, आयरन, कूलर आदि की खूब बिक्री हो रही है। कई दुकानदार इन पर छूट भी दे रहे हैं। दुकानदार राजीव पांडे के मुताबिक दुकानों पर 1000 वाट ड्राई आयरन 650-750 रुपये से, मिक्सर 1800 रुपये से शुरू हैं। कई दुकानदार एलईडी टीवी पर छूट और फाइनेंस दोनों के आफर दे रहे हैं।
वाहन बाजार : घर आएंगी नई गाड़ियां, शोरूम में बुकिंग फुल
रामपुर रोड और बरेली रोड के शोरूम में धनतेरस की बुकिंग फुल है। बाइक पर चांदी का सिक्का, हेलमेट और 5000 रुपये तक की छूट भी मिल रही है। कार पर 50 हजार तक का ऑफर और फाइनेंस की स्कीम चल रही है। शोरूम संचालकों का कहना है कि कल 1200 से ज्यादा दोपहिया वाहनों और 250 से ज्यादा कारों की डिलीवरी होने की उम्मीद है।
पूजन सामग्री : दीपों से लेकर पूजन थाली तक फैली खुशियां
पूजा के लिए मिट्टी के दीये 10 रुपये के 12, लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति 50 से 2000 रुपये तक, कुबेर मूर्ति 50 से 400 रुपये, धूप-दीप, कपूर, रोली-मौली, कलावा और पूजा थाली के रेडीमेड सेट 101 से 551 रुपये तक बिक रहे हैं। फूलों की माला और आर्टिफिशियल तोरण की दुकानों पर भी भीड़ है।