Haldwani: सिस्टम की लापरवाही से खतरे की जद में गौलापार स्टेडियम, पार्किंग और एप्रोच रोड का बड़ा हिस्सा गायब
गौलापार में बना अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम अंधे सिस्टम की लापरवाही की भेंट चढ़ गया है। बीते दो साल में अधिकारियों की नाक के नीचे से जोगिंग ट्रेक, पार्किंग और एप्रोच रोड का बड़ा हिस्सा गायब हो गया।
विस्तार
खेल प्रतिभाओं का भविष्य संवारने के लिए गौलापार में बना अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम अंधे सिस्टम की लापरवाही की भेंट चढ़ गया है। बीते दो साल में अधिकारियों की नाक के नीचे से जोगिंग ट्रेक, पार्किंग और एप्रोच रोड का बड़ा हिस्सा गायब हो गया। स्टेडियम की स्थायी सुरक्षा के नाम पर हल्द्वानी से सचिवालय तक फाइलें दौड़ती रहीं लेकिन स्टेडियम का भविष्य क्या होगा, ये तस्वीर अभी तक साफ नहीं हुई है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं प्रदान कराने के लिए 190 करोड़ रुपये की लागत से बने अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स को गौला नदी 2023 से नुकसान पहुंचा रही है। अक्तूबर 2023 तक स्टेडियम का 200 मीटर का हिस्सा नदी में समा गया था। तत्कालीन डीएम के निर्देश पर सिंचाई विभाग ने 2.60 करोड़ रुपये की लागत से 200 मीटर के हिस्से में सुरक्षा दीवार का प्रस्ताव शासन को भेजा था लेकिन इस प्रस्ताव पर धन स्वीकृत होने में नौ माह का समय लग गया। जुलाई 2024 में पहली किस्त के रुप में एक करोड़ चार लाख रुपये की मंजूरी मिली। तब तक नदी का 400 मीटर का हिस्से गौला निगल चुकी थी। वर्तमान में 20.90 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को टीएसी ने मंजूरी दे दी है लेकिन बीते दिनों हुई बरसात में गौला नदी का 450 मीटर का हिस्सा जमींदोज हो गया है। खेल विभाग जमीन रिकवर करने के लिए प्रयास कर रहा है। इसके लिए फिर से प्रस्ताव को संसोधन करना पड़ेगा।
ये पढ़ें- तस्वीरों में आपदा के निशान: गौला अपने साथ बहा ले गई 15 करोड़ के कार्य, रेलवे और लोनिवि समेत NHAI को हुआ नुकसान
स्टेडियम के नुकसान पर एक नजर
- सितंबर 2023 में 70 मीटर हिस्से को नुकसान
- अक्तूबर 2023 में 200 मीटर हिस्सा जमींदोज
- जुलाई 2024 में 400 मीटर हिस्सा चपेट में आ गया था
- सितंबर 2024 में 450 मीटर हिस्से को लील गई गौला
गौलापार स्टेडियम की सुरक्षा दीवार के निर्माण के लिए 20.90 करोड़ रुपये की मंजूरी मिली है। इस संबंध में जल्द ही मुख्य सचिव स्तर से बैठक की जानी है। शासन के निर्देशों के अनुरुप अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।
-संजय कुमार शुक्ल, मुख्य अभियंता, सिंचाई विभाग
15 दिन में हल्के वाहनों के लिए खोलें पुल : बिष्ट
लालकुआं विधायक डॉ. मोहन बिष्ट ने सोमवार शाम गौला पुल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने एनएचएआई के अधिकारियों से कहा कि किसी भी तरह 15 दिन में एप्रोच रोड बनाकर गौला पुल को हल्के वाहनों के लिए खोलें। विधायक बिष्ट ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से स्टेडियम को बचाने के लिए व्यापक इंतजाम करने के लिए कहा। उधर एसडीएम परितोष वर्मा ने बताया कि एनएचएआई ने आईआईटी रुड़की की टीम को बुलाया है। कहा कि लोक निर्माण विभाग ने पंतनगर विवि के इंजीनियरों को बुलाया है। कहा कि एनएचएआई छह पोकलेन लगाकर नदी को डायवर्ट करने का काम मंगलवार या बुधवार से शुरू करेगा।