फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Nainital News ›   Fraudulent love...snake made a weapon

Nainital News: फरेबी प्यार...सांप को बनाया हथियार

Haldwani Bureau हल्द्वानी ब्यूरो
Updated Wed, 19 Jul 2023 02:25 AM IST
विज्ञापन
Fraudulent love...snake made a weapon
माही  - फोटो : ankit chauhan.jpg
हल्द्वानी। होटल कारोबारी अंकित चौहान का माही की जिंदगी में लगातार दखल बढ़ रहा था। इससे परेशान माही ने अपने प्रेमी दीप कांडपाल के साथ अंकित को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। पहले अंकित के बर्थडे पर आठ जुलाई को सांप से कटवाने की योजना थी, लेकिन सपेरा जो सांप लाया वह कम जहरीला था, इसलिए रणनीति बदलनी पड़ी। उसके बाद 14 जुलाई की रात शराब में नींद की गोली मिलाई और जहरीले कोबरा से कटवाकर अंकित की हत्या कर दी गई।
विज्ञापन


पुलिस के अनुसार, अंकित की माही से चार साल से दोस्ती थी। दोनों में प्रेम प्रसंग था। दो साल पहले हल्दूचौड़ नया बाजार निवासी दीप कांडपाल माही के जिंदगी में आया। दोनों में प्रेम प्रसंग हो गया। माही अंकित की आदतों से परेशान हो गई थी। वह कई बार अंकित को छोड़ने की योजना बना चुकी थी। अंकित से कई बार मना कर भी चुकी थी लेकिन उसने उसके घर आना नहीं छोड़ा। वह कभी भी माही के घर आ जाता था। वहीं शराब भी पीता था। इससे माही तंग आ चुकी थी। उसने दीप कांडपाल के साथ अंकित को मारने की योजना बनाई।
विज्ञापन


आठ जुलाई को अंकित का बर्थडे था। माही ने उस दिन अंकित को मारने का प्लान बना लिया। घर में केक मंगाया। प्लान के मुताबिक, अंकित को घर पर बुला लिया। अंकित को शराब में नींद की गोली खिलाकर बेहोश करने की योजना थी। उसके बाद उसे सांप से कटवाया जाना था और शव को कार समेत खाई में गिराना था।
विज्ञापन
विज्ञापन


आठ जुलाई को दो बजे सपेरा सांप लेकर माही के घर गोरापड़ाव पहुंच गया। माही और दीप कांडपाल ने सांप देखा तो उन्होंने कम जहरीला बताकर उस सांप से अंकित को मारने का प्लान कैंसल कर दिया, क्योंकि माही कोई भी चूक नहीं करना चाहती थी। उसे डर था कि अगर कम जहरीले सांप से कटवाया और वह बच गया तो अंकित उनकी पोल खोल देगा। हालांकि उस दिन देर रात तक माही, अंकित, दीप, नौकर, सपेरा और नौकरानी डांस करते रहे ताकि ज्यादा शराब पीकर अंकित बेसुध हो जाए, लेकिन उसके बेसुध न होने पर रणनीति बदलनी पड़ी। उसके बाद माही ने सपेरे से जहरीला कोबरा लाने के लिए कहा।


दस दिन पहले माही ने अंकित के घर पर काटा था हंगामा



हल्द्वानी। एसएसपी पंकज भट्ट के अनुसार, अंकित आए दिन माही के घर पर जाता था। वहां वह पीता-खाता भी था और गाली-गलौज भी करता था। इससे माही परेशान होने लगी। 10 दिन पूर्व माही अंकित के घर पहुंची थी। उसने वहां जमकर हंगामा काटा था। इसके बाद भी अंकित का उसके घर आना-जाना लगा रहा।



सांप के लिए सपेरे को दिए थे दस हजार रुपये
हल्द्वानी। पुलिस पूछताछ में पता चला कि सपेरा रमेश नाथ मूल रूप से अदकटा भोजीपुरा का रहने वाला है। वह हल्दूचौड़ क्षेत्र के गांवों में भीख मांगने आता था और यहां पंचायतघर में एक झोपड़ी डालकर रहता था। माही की कुंडली में कालसर्प योग था। वह नाग की पूजा कराना चाहती थी। इसके लिए आठ महीने पहले किसी ने सपेरे को माही से मिलवाया था। उसके बाद से माही और सपेरे के बीच दोस्ती हो गई। पुलिस ने बताया कि सपेरे को माही गुरुजी कहकर बुलाती थी। उसने अंकित को मारने के लिए सपेरे से कोबरा उपलब्ध कराने के लिए कहा था। पुलिस का कहना है कि इसके एवज में उसने सपेरे से अंतरंग संबंध भी बनाए और 10 हजार रुपये भी दिए। तब वह सांप लाने के लिए तैयार हुआ।




पुलिस ने ऐसे खोला केस
हल्द्वानी। घटना के दिन पुलिस कार्बन मोनोआक्साइड से मौत मानकर चल रही थी। पोस्टमार्टम में जैसे ही दो पैरों में सांप के काटने की बात सामने आई तो एसएसपी पंकज भट्ट ने इसका पोस्टमार्टम दो डाक्टरों के पैनल से करवाया। दो डाक्टरों के पैनल ने जब पोस्टमार्टम किया तो मौत का कारण और पुख्ता हो गया। अंकित के दोनों पैरों पर एक ही जगह सर्पदंश के निशान थे।

इसके बाद एसएसपी ने चार टीम सीसीटीवी जांचने के लिए, चार मैनुअल टीम और एक सर्विलांस टीम बनाकर जांच कराई। अंकित की प्रेमिका की कॉल डिटेल निकाली गई जिसमें पता चला कि माही अंकित, सपेरे और दीप कांडपाल से लगातार बात कर रही थी।
जांच में अंकित की कार करीब छह बजे माही के घर जाते हुए दिखी। करीब 11 बजे कार वहां से निकली। इसके बाद कार भुजियाघाट और फिर वहां से गौलापार जाते हुए दिखाई दी। फिर तीनपानी रेलवे क्रासिंग के पास दिखाई दी और वहीं खड़ी कर दी गई। इसके बाद करीब एक बजे एक कार और आई। वह अंकित की कार के बगल में ढाई मिनट रुकी। इसके बाद कार चली गई। पुलिस ने सपेरे रमेश नाथ, दीप कांडपाल और माही के नंबर को सर्विलांस पर लगाया। सभी नंबर बंद चल रहे थे।
रविवार को सपेरे का नंबर खुल गया जिसकी लोकेशन अदकटा भोजीपुरा में मिली। यह गांव सपेरों का है। यहां से पुलिस ने पता किया तो पता चला कि रमेश नाथ हल्द्वानी गया है। पुलिस ने रमेश नाथ को हल्द्वानी से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पूरा घटनाक्रम खुल गया। कार दीप चला रहा था।


क्राइम पेट्रोल देखकर बनाई हत्या की योजना

हल्द्वानी। माही और सपेरे ने क्राइम पेट्रोल देखकर हत्या की योजना बनाई। पूरे देश में सांप से कटवाकर हत्या के दो मामले प्रकाश में आ चुके हैं। इसमें पहला मामला केरल में हुआ था। एक व्यक्ति ने कोबरा सांप से कटवाकर अपनी पत्नी की हत्या की थी। दूसरा मामला राजस्थान में सामने आया। संभवतया तीसरा केस उत्तराखंड में सामने आया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, क्राइम पेट्रोल देखकर योजना बनाई गई लेकिन दोनों पैरों पर एक ही जगह सांप से कटवाकर अपराधी चूक कर गए।


सपेरे ने कटवाकर सांप नौकर को दिया

हल्द्वानी। सपेरा भोजीपुरा बरेली से कपड़े के बैग में सांप रखकर लाया था। घटना को अंजाम देने के बाद उसने सांप को कपड़े के थैले में बंदकर नौकर को दे दिया। नौकर ने उसे कहीं फेंक दिया।


हाथ-पैर पकड़े, पीठ पर चढ़कर सांप से डसवाया
हल्द्वानी। पुलिस पूछताछ में सपेरे रमेश नाथ ने बताया कि योजना के तहत शुक्रवार की रात करीब छह बजे माही ने अंकित को घर बुलाया। उसे नींद की गोली मिलाकर शराब पिलाई जिससे वह अर्द्धमूर्छित हो गया। उसके बाद उसे बेड पर उल्टा लिटाया गया। होश में आकर अंकित विरोध न करने लगे तो सांप से डसवाने से पहले एक ने उसके हाथ, दो ने उसके पैर पकड़े और चौथा अंकित की पीठ पर बैठ गया। उसके बाद सपेरे रमेश ने कोबरा से अंकित के एक पैर में डसवाया। 10 मिनट इंतजार किया। अंकित के शरीर में हलचल होती रही। इसके बाद दोबारा दूसे पैर पर डसवाया गया।



कार समेत खाई में फेंकना था शव, आवाजाही होने पर बदला प्लान
हल्द्वानी।
14 जुलाई की रात अंकित का शव उसी की कार की पिछली सीट पर डाला गया। कार दीप चला रहा था और उसके साथ सपेरा रमेश भी था। योजना थी कि शव भुजियाघाट ले जाएंगे और वहां से कार समेत खाई में फेंक देंगे। रात करीब 11 बजे दोनों कार में शव डालकर भुजियाघाट पहुंचे। भुजियाघाट में जिस स्थान पर शव फेंकना था, वहां कुछ कारें खड़ी थीं। सड़क पर आवाजाही भी हो रही थी। काफी देर इंतजार के बाद जब लोग वहां से नहीं हटे तो दोनों वापस लौट पड़े और माही को इसकी जानकारी देने के साथ तीनपानी रेलवे क्रासिंग के पास पहुंच गए जिसके बाद माही ने टैक्सी बुक की और नौकर-नौकरानी के साथ टैक्सी में सवार होकर रेलवे क्रासिंग पर पहुंच गई। शव कार में एसी ऑन करके छोड़ दिया और फिर टैक्सी से फरार हो गए।






हल्द्वानी से दिल्ली गए, आसरा न मिलने पर वापस बरेली पहुंचे और फिर भाग गए नेपाल
हल्द्वानी। माही परिवार से अलग रहती है। मां और भाई हल्द्वानी में दूसरे मकान में रहते हैं। उसकी एक बहन की शादी दिल्ली में हुई है। वारदात को अंजाम देने के बाद माही समेत पांचों आरोपी कार से दिल्ली निकल पहुंच गए। वहां माही ने अपनी बहन को फोन किया और कहा कि वे पांच लोग उसके घर आ रहे हैं, लेकिन बहन ने मना कर दिया। कहा कि मेरे घर मत आना। पांचों ने रात दिल्ली में गुजारी और अगले दिन सभी बस से बरेली के पुराने बस अड्डे पहुंच गए। यहां सपेरा सभी से अलग होकर अपने घर भोजीपुरा चला गया। चार लोग पीलीभीत में नौकर-नौकरानी के घर चले गए। इसके बाद वहां से नेपाल भाग गए।




माही ने मना किया था, लेकिन सपेरे ने ऑन कर दिया मोबाइल



हल्द्वानी।
माही को पता था कि अगर पुलिस से बचना है तो मोबाइल फोन बंद रखने होंगे। यही वजह थी कि घटना के बाद ही सभी के मोबाइल फोन बंद थे। माही ने यह भी हिदायत दी थी कि कोई अपना मोबाइल ऑन नहीं करेगा और जब बरेली से सपेरा रमेश चारों आरोपियों से अलग हो रहा था, तब भी माही ने जोर देकर कहा था कि मोबाइल किसी भी कीमत पर ऑन मत करना, लेकिन सपेरे ने माही की बात नहीं मानी। कुछ देर बाद ही उसने अपना मोबाइल ऑन कर दिया, लेकिन उसे नहीं पता था कि पुलिस को माही की कॉल डिटेल से उसका नंबर मिल चुका है और नंबर सर्विलांस पर है। मोबाइल ऑन होते ही पुलिस को रमेश की लोकेशन मिल गई। आनन-फानन में टीम को पीछे लगाया गया और रमेश पुलिस के हत्थे चढ़ गया।





माही के पास है अपना घर, मां-भाई नहीं रहते हैं साथ
हल्द्वानी। माही के पास डिबेर के पास अपना मकान है। वह कोई नौकरी नहीं करती है। फिर भी उसने अपने घर पर नौकरानी रखी हुई थी। पुलिस के मानें तो उसका काम लोगों के साथ अंतरंग संबंध बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करना था।


माही ने बंद कर दिए नंबर, फेसबुक, इंस्टाग्राम से भी खुद को हटाया
हल्द्वानी। घटना के बाद जैसे ही माही को पता चला कि पुलिस उन्हें ढूंढ रही है तो माही ने अपना फेसबुक अकाउंट, इंस्टाग्राम सहित सभी अकाउंट हटा दिए। साथ ही मोबाइल नंबर भी बंद कर दिया। दो दिन पूर्व तक माही लगातार ऑनलाइन आ रही थी। वह पुलिस की कार्रवाई पर भी नजर रख रही थी।


नर्वस सिस्टम पर असर डालता है कोबरा का जहर


हल्द्वानी। चिकित्सकों के अनुसार, कोबरा का जहर नर्वस सिस्टम पर असर डालता है। कोबरा के काटने पर सांस लेने में परेशानी और नर्वस सिस्टम से जुड़ी दिक्कत होने लगती है। कोबरा का जहर जल्द असर दिखाने लगता है।

माही 

माही - फोटो : ankit chauhan.jpg

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article