लालकुआं (नैनीताल)। डौली रेंज में बौडखत्ता और खमारी खत्ता में सोमवार रात हाथियों के एक झुंड ने छह झोपड़ियों को तहस-नहस कर दिया। लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई और शोर मचाकर हाथियों को खदेड़ा। सूचना मिलने पर विधायक नवीन दुम्का वन विभाग के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और नुकसान का मुआयना किया।
हाथियों ने खमारीखत्ता निवासी दीवान सिंह, प्रेम राम, चंदन सिंह, सुरेश सिंह और बौडखत्ता निवासी किशन सिंह और कुंदन सिंह की झोपिड़यों को रौंदा था। इसके साथ ही आसपास रखे अन्य रोजमर्रा के सामान को भी नुकसान पहुंचाया। मंगलवार दोपहर पहुंचे विधायक नवीन दुम्का ने डौली रेंज के वन क्षेत्राधिकारी अनिल जोशी को ग्रामीणों को हाथियों से निजात दिलाने को कहा। उन्होंने वन कर्मचारियों को रात में गश्त बढ़ाने और हाथियों की आवाजाही वाले रास्तों में खाई खोदने और सेंसर युक्त साइरन लगाने को कहा।