Haldwani Rain: बारिश से नाले उफनाए...रास्ता भटका पानी, कई दुकानों में हुआ जलभराव; रकसिया नाला भी उफान पर रहा
हल्द्वानी में बारिश ने एक बार फिर शहरवासियों के सब्र का इम्तिहान लिया। बुधवार दोपहर करीब दो घंटे तक हुई बारिश से नाले उफान पर आ गए। जिस पानी को नालियों में बहना था, वह नैनीताल रोड की दुकानों में घुस गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मूसलाधार बारिश ने एक बार फिर शहरवासियों के सब्र का इम्तिहान लिया। बुधवार दोपहर करीब दो घंटे तक हुई बारिश से नाले उफान पर आ गए। जिस पानी को नालियों में बहना था, वह नैनीताल रोड की दुकानों में घुस गया। तिकोनिया स्थित वन विभाग परिसर भी पानी से लबालब हो गया। स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रहे बच्चे भी जल जमाव के कारण परेशानी से जूझते दिखाई दिए।
बुधवार सुबह सवा ग्यारह बजे बाद बारिश शुरू हुई। काठगोदाम में मूसलाधार वर्षा की वजह से नालियों में पानी का बहाव तेज हो गया। बारिश का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि नैनीताल रोड पर हाइडिल के पास खड़ी स्कूटी 20 से 25 मीटर तक बह गई। रकसिया नाला भी उफान पर रहा। दमुवादूंगा के शिवपुरी क्षेत्र में पानी का बहाव देख लोग सहम गए। उन्होंने नाला पार करने से परहेज करने में ही भलाई समझी।
भारी बारिश से तिकोनिया स्थित तराई केंद्रीय वन प्रभाग और हल्द्वानी डिविजन कार्यालय में पानी घुस गया। बहाव तेज था और देखते ही देखते परिसर में घुटनों तक पानी जमा हो गया। इससे लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ा। बारिश के कारण छड़ायल चौराहे के पास भी पानी भर गया। सड़कों पर उसके तेज बहाव के कारण लोगों को आवाजाही में दिक्कत हुई।
दिन भर लगा जाम: बारिश के बाद नैनीताल रोड पर काफी समय तक जाम लगा रहा। तिकोनिया से नगर निगम गेट तक वाहन धीरे-धीरे बढ़े। इसी प्रकार तिकोनिया से शहीद पार्क तक वाहनों की यही स्थिति रही।
कहां कितनी बारिश
नैनीताल - 70 मिमी
हल्द्वानी - 96 मिमी
कालाढूंगी - 04 मिमी
रामनगर - 14.6 मिमी
श्री कैंची धाम - 02 मिमी
बेतालघाट - 03 मिमी
आज फिर भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने नैनीताल समेत पर्वतीय जिलों फिर भारी बारिश की चेतावनी दी है। बारिश के कारण तापमान में भी कमी देखने को मिली और अधिकतम तापमान तीन डिग्री लुढ़ककर 30.4 और न्यूनतम 24.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मुक्तेश्वर का अधिकतम तीन डिग्री नीचे 19.6 और न्यूनतम 15.9 डिग्री सेल्सियस रहा।
शेरनाला भी उफनाया
बुधवार हुई भारी बरसात से सुबह 11 बजे हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मुख्य राज्य मार्ग स्थित शेरनाला उफान पर आ गया। इससे मुख्य मार्ग पर करीब चार घंटे तक वाहनों का आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। चोरगलिया पुलिस नाले के दोनों ओर डटी रही तथा किसी को भी नाला पार नहीं करने दिया। दोपहर बाद तीन बजे नाले का पानी कम हुआ। इसके बाद वाहनों को पुलिस ने नाला पार करने की अनुमति दी।