फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Nainital News ›   Infidelity in doubt girlfriend's throat cut

बेवफाई के शक में प्रेमिका का गला रेता

Sat, 23 Jan 2016 01:21 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला ब्यूरो, हल्द्वानी।
ब्यूरो/अमर उजाला ब्यूरो, हल्द्वानी। Updated Sat, 23 Jan 2016 01:21 AM IST
विज्ञापन
Infidelity in doubt girlfriend's throat cut

 प्रेमी से मिलने आई आईटीबीपी कांस्टेबल के लिए शुक्रवार जीवन का आखिरी दिन साबित हुआ। प्रेमी ने बेवफाई के शक में वेलेजली लॉज स्थित अपने कमरे में चाकू से गला रेतकर प्रेमिका को निर्ममता से मार डाला। इसके बाद उसने सीधे कोतवाली में सरेंडर कर दिया।

विज्ञापन


 प्रेमी का कहना था कि उसकी प्रेमिका के हिमाचल के अन्य जवान से कथिततौर पर चक्कर था। उसका यह भी दावा है कि आईटीबीपी कांस्टेबल से उसक ी सात माह पहले मंदिर में शादी हो चुकी थी और दोनों के आठ साल से प्रेम संबंध थे। कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल से खून से लथपथ चाकू बरामद कर युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन


पिथौरागढ़ जिले के जयकोट माखम कैलास धारचूला निवासी केशर सिंह बिष्ट की पुत्री विमला बिष्ट (25) ने चंडीगढ़ में आईटीबीपी कांस्टेबल की छह माह की ट्रेनिंग करने के बाद मध्यप्रदेश के शिवपुरी में नौकरी ज्वाइन की थी। एक माह की छुट्टी लेकर वह घर जा रही थी। शुक्रवार सुबह वह हल्द्वानी पहुंची।
विज्ञापन
विज्ञापन


भाई के कमरे में सामान रखने के बाद वह अपने प्रेमी वेलेजली लॉज स्थित किराए के कमरे में रहने वाले नवीन धोनी से मिलने के लिए सुबह करीब सवा नौ बजे गई। इस बीच नवीन ने अपने रूम पार्टनर भास्कर को दो घंटे के लिए कमरे से बाहर जाने का अनुरोध किया था।

कमरे में आने के बाद प्रेमी और प्रेमिका के बीच विवाद होने लगा। प्रेमी का कहना था कि ट्रेनिंग समाप्त होने के बाद 18 जनवरी से वह कहां रह रही थी। प्रेमी ने आरोप लगाया कि उसका हिमाचल के युवक बिजेंद्र से चक्कर चल रहा है। विवाद इतना तूल पकड़ा कि प्रेमी ने चाकू से प्रेमिका के पेट, गले और सिर पर कई वार किए और अंत में उसने गला रेतकर प्रेमिका को मार डाला।

घटना के बाद वह चाकू छोड़कर दूसरी मंजिल की रेलिंग से सीधे सड़क पर कूद गया। पड़ोस के लोगों ने खून से सने नवीन धोनी को देखकर रोकने के लिए उसका पीछा भी किया। लोगों ने पहले समझा कि किसी से उसका झगड़ा हो गया है, लेकिन वह भागकर रोड पर आया और टेंपो पकड़कर सीधे कोतवाली चला गया।

 उसने थाने में पुलिसकर्मियों से कहा कि उसने अपनी प्रेमिका का खून कर दिया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल आरोपी को हिरासत में ले लिया। सीओ राजेंद्र सिंह ह्यांकी, कोतवाल आर एस मेहता ने मौके का मुआयना कर खून से लथपथ चाकू और शव कब्जे में लिया।

पूछताछ में नवीन ने बताया कि वह विमला से आठ साल से प्यार कर रहा था। 21 मई 2015 को दोनों ने पिथौरागढ़ के एक मंदिर में चुपके से शादी की थी। विमला के दूसरे युवक से प्यार करने की जानकारी मिलने पर वह आपे से बाहर हो गया और कत्ल करने का फैसला कर लिया।

एसएसआई इंदर सिंह राणा का कहना था कि चंपावत जिले के बस्कुनी लोहाघाट का मूल निवासी नवीन एमए करने के बाद  प्रशासनिक सेवा की तैयारी कर रहा था। पुलिस ने पूछताछ के बाद कांस्टेबल के शव का पोस्टमार्टम कराया।
 
हत्यारोपी नवीन धोनी ने प्रेमिका का कत्ल करने के लिए एकाएक फैसला नहीं लिया था। उसने बताया कि उसने चाकू पहले ही बाजार से खरीदा था जो चाकू उससे बरामद हुआ है वह मीट की दुकानों पर ही दिखाई देता है।

मौका मुआयना करने गए पुलिसकर्मियों का कहना था कि दुकान से खरीदने पर चाकू में धार नहीं रहती है। लगता है कि उसने चाकू में किसी से धार लगवाई थी क्योंकि चाकू की धार काफी तेज थी। आईटीबीपी में ट्रेनिंग पर जाने के बाद नवीन की प्रेमिका विमला से बात होती रहती थी।

उसे पता था कि ट्रेनिंग समाप्त होने के बाद उसने मध्य प्रदेश के शिवपुरी में नौकरी ज्वाइन की है। आरोपी का कहना है कि वह विमला से पूछ रहा था कि 17 जनवरी को नौकरी ज्वाइन करने के बाद वह लौटकर हल्द्वानी क्यों नहीं आई। उसने विमला की बिजेंद्र से बातचीत छह माह पहले पकड़ी थी। वह आरोपी और नये बिजेंद्र दोनों के साथ रहने की बात कह रही थी। इसी बात को लेकर उसका गुस्सा और बढ़ गया था।


मां-बाप लाडली का दो दिन से कर रहे थे इंतजार
हल्द्वानी से पिता के साथ पिथौरागढ़ जाने का था प्लान
हल्द्वानी। आईटीबीपी की महिला कांस्टेबल के साथ पिथौरागढ़ स्थित घर जाने के लिए उसके माता-पिता दो दिन से लालकुआं में अपनी भतीजी के घर ठहरे थे। बेटी ने हल्द्वानी आने से पहले और बाद में कई बार पापा को फोन किया था और उसने साथ घर जाने की बात कही थी लेकिन मां-बाप को लाडली बेटी जिंदा नहीं मिली, देखनी पड़ी उसकी खून से लथपथ लाश।

कोतवाली के एसएसआई इंदर सिंह राणा ने महिला कांस्टेबल विमला के पिता केशर सिंह से थाने में पूछताछ की। पिता ने बताया कि उनकी तबीयत खराब थी। फिर भी वह अपनी पत्नी कलावती के साथ लालकुआं में भतीजी से मिलने के लिए आए थे। 21 जनवरी को बेटी विमला का फोन आया कि वह अभी घर नहीं जाएं। 22 को पूरा परिवार एक साथ पिथौरागढ़ जाएगा। 22 जनवरी को भी उसने दो बार हल्द्वानी आने पर पिता को फोन किया था। इसके बाद पिता ने दस बजे फोन मिलाया तो घंटी बज रही थी, लेकिन बेटी ने मोबाइल नहीं उठाया क्योंकि 11 बजे उसने घर के लिए जाने का वादा किया था। इसके कुछ देर बाद उसकी हत्या की खबर मिल गई।

उन्होंने बताया कि हत्यारोपी नवीन धोनी उनके बड़े बेटे धर्मेंद्र सिंह बिष्ट के साथ पिथौरागढ़ में पढ़ता था। उनकी बेटी ने भी पिथौरागढ़ से बीए किया था। जिस कमरे में विमला का कत्ल हुआ है। उसी कमरे में पहले धर्मेंद्र और नवीन एक साथ रहते थे। पिता का कहना है कि उनकी बेटी ने किसी के साथ शादी नहीं की थी। उसने कभी नवीन के साथ शादी करने का जिक्र भी नहीं किया था। छह माह पहले उनकी बेटी जब 15 दिन की छुट्टी पर घर आई थी तो वह हल्द्वानी में नवीन से मिली थी।


बैलाजाली लॉज में हत्या के बाद  दूसरी मंजिल (करीब 15 फीट ऊंचाई)  से आरोपी नवीन धोनी कूदा तो पड़ोसी दंग रह गए। चेहरे और पेंट पर खून लगा देखकर पड़ोसी दुकानदार दिब्यांशु वर्मा ने शोर मचाते हुए उसका पीछा भी किया। इस बीच, दिव्यांशु की मौसी दीपा खत्री ने 100 नंबर पर तीन बार कॉल किया।

इसके बाद फोन उठा तो उसने कंट्रोल रूम को 10 बजकर 23 मिनट पर सूचना दी थी। कुछ देर बाद पड़ोसियों को पता चला कि नवीन ने अपनी प्रेमिका का कत्ल कर दिया है। पड़ोसी दीपा खत्री का कहना था कि उसे तो विश्वास ही नहीं हो रहा था कि नवीन ऐसा करेगा।

वह आईएएस और पीसीएस बनने का सपना देख रहा था। वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। यदि प्रेमिका से बात नहीं बनी तो वह उसे छोड़ सकता था लेकिन उसने ऐसा गलत कदम उठाया।


एसएसआई इंदर सिंह राणा से कोतवाली में विमला के छोटे भाई रविंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि वह एक बार दीदी के कातिल को देखना चाहता है। एसएसआई ने उसे भरोसा दिलाया कि वह हत्यारोपी नवीन से उसका सामना कराएंगे।


 छोटे भाई ने बताया कि वह जब पिथौरागढ़ में पढ़ाई कर रहा था उस समय दीदी से मिलने के लिए नवीन धोनी आता था। उसे भरोसा नहीं था कि वही दीदी को मार डालेगा। घटना की जानकारी मिलने पर विमला की बड़ी बहन कविता धोनी भी अपने पति प्रकाश धोनी के साथ थाने में रोते हुए आई। बड़ी बहन धारचूला के खेड़ा में रहती है।




  

विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed