रामनगर (नैनीताल)। करीब सात माह पहले सड़क दुर्घटना में हुई चार लोगों की मौत के मामले में कोतवाली पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। निवासनगर रामनगर रोड काशीपुर निवासी हिमांशु अरोरा ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि 31 जनवरी को उसके रिश्तेदार बालकृष्ण मदान, चंचल मदान, डॉ. शांति स्वरूप, किश्नू सतारिया निवासी नडियाल गुजरात और रश्मि अरोरा के साथ कार संख्या यूके 18ई/ 7555 से नैनीताल से वापस काशीपुर आ रहे थे। इसी बीच बेलगढ़ नहर के पास कार चला रहे तेज प्रकाश अरोरा निवासी विजयनगर काशीपुर ने कार को चलाते हुए सड़क किनारे खड़े माइल स्टोन से टकरा दी, जिससे कार बेलगढ़ नहर में गिर गई। इसमें कार में सवार रश्मि अरोरा, डॉ. शांति स्वरूप, किश्नु सतारिया और कार चालक तेज प्रकाश की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी। बालकृष्ण मदान व उनकी पत्नी चंचल गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। मामले में पुलिस ने धारा 279, 304ए, 338 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।