फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Nainital News ›   क्राइम ब्रांच का अफसर बनकर व्यवसायी के घर डाका डाला

क्राइम ब्रांच का अफसर बनकर व्यवसायी के घर डाका डाला

Sat, 16 Jun 2018 02:20 AM IST
Updated Sat, 16 Jun 2018 02:20 AM IST
विज्ञापन
क्राइम ब्रांच का अफसर बनकर व्यवसायी के घर डाका डाला
हल्द्वानी में व्यापारी के घर डकैती - फोटो : अमर उजाला
हल्द्वानी। फिल्मी अंदाज में खुद को क्राइम ब्रांच का आफिसर बताकर डकैतों ने शहर की पॉश कालोनी प्रगति विहार में बृहस्पतिवार रात व्यवसायी के घर में जमकर लूटपाट की। असलहे के बल पर डकैतों ने व्यवसायी सहित तीन लोगों को एक कमरे में बंधक बना दिया। घर में कमरों को खंगालकर बदमाश पौने चार लाख रुपये नगद और करीब 15 तोला सोने के जेवरात, सीसीटीवी के डीवीआर लूटकर कार से चंपत हो गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की। जांच से पता चला कि घटना को अंजाम देने के लिए बदमाशों ने गाजियाबाद नंबर की कार का इस्तेमाल किया है।
विज्ञापन

प्रगति विहार गली नंबर आठ नवाबी रोड कुल्यालपुरा निवासी सौरभ कौशल अपने घर से डेयरी प्रोडक्ट सामान के साथ 12 एजेंसियों का संचालन करते हैं। बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े दस बजे व्यवसायी अपनी स्कूटी अंदर कर रहे थे। व्यवसायी का नौकर प्रकाश कश्यप भी दुकान बंद कर अपने साले अजय कश्यप के साथ बाहर निकल रहा था। इस बीच दो लोग व्यवसायी के पास आए। उन्होंने खुद को क्राइम ब्रांच की टीम का आफिसर बताते हुए हड़काया कि वह नंबर दो का माल बेचता है। व्यवसायी ने सफाई में कहा कि वह नंबर एक का माल बेचता है यदि देखना तो दुकान में चलकर कागज देख लो। बदमाशों ने उसे दुकान की जगह घर में चलने के लिए दबाव बनाया। ना नुकुर करने पर बदमाशों ने व्यवसायी की कमर में पिस्टल सटाया और अंदर कमरे में ले गए।
विज्ञापन

इतने में बदमाश के कुछ और साथी भी आ गए। उन्होंने नौकर प्रकाश और उसके साले अजय को पीटते हुए व्यवसायी के कमरे में ढकेल दिया। कमरे में एक बदमाश एक हाथ में पिस्टल और दूसरे हाथ में चाकू लेकर खड़ा हो गया। धीरे-धीरे पांच लोग व्यवसायी के सामने आए। उन्होंने व्यवसायी और दो अन्य लोगों को कपड़े से बांध दिया। इसके बाद बदमाशों ने व्यवसायी की दुकान के अलावा तीन कमरों को खंगाल डाला। व्यवसायी का कहना कि उन्होंने जेब से 40 हजार रुपये निकाल लिए। दो अलमारियों का ताला तोड़कर 15 तोला सोने के जेवरात और कुल तीन लाख 80 हजार रुपये नगदी समेट लिए। बदमाशों ने करीब 45 मिनट तक व्यवसायी को बंधक बनाया। लूटपाट करने के बाद बदमाश कार से चले गए। व्यवसायी ने बदमाशों के जाने पर अपने हाथ बंधन से मुक्त कर 100 नंबर पर कॉल किया। कंट्रोल रूम का नंबर नहीं मिलने पर उसने कर्मचारियों को भोटिया पड़ाव पुलिस चौकी भेजा। इसके बाद एसपी सिटी, सीओ कोतवाल सहित अन्य पुलिसकर्मी आए। पड़ोसी के सीसीटीवी देखने पर पता चला कि बदमाश गाजियाबाद नंबर की सेंट्रो कार से आए थे। देर रात व्यवसायी की तहरीर पर पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज किया। तहरीर में व्यवसायी ने सिर्फ एक लाख 80 हजार रुपये, एक सेट, मंगलसूत्र, अंगूठी, का का बूंदा और सीसीटीवी का डीवीआर लूटना दर्शाया है। व्यवसायी का कहना था कि पत्नी के रिश्तेदारी से लौटने पर लूटे गए जेवरात और पूरे पैसों के बारे में एफआईआर के बाद जानकारी मिली है। पुलिस की गलती यह है कि एफआईआर में उसने पांच की जगह चार बदमाशों की संख्या दर्शायी है।
विज्ञापन
विज्ञापन


असलहे के बल पर व्यवसायी के घर डाका डाला
व्यवसायी सहित तीन को बंधक बनाकर लाखों लूटे

घटना के बारे में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। शीघ्र ही आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ेंगे।
जन्मेजय खंडूरी एसएसपी नैनीताल

दुकान और कमरों से लिए फ्रिंगर प्रिंट
पुलिस की टीम ने दुकान और कमरों से बदमाशों के फिंगर प्रिंट लिए। पुलिस को मौके से काफी साक्ष्य मिले हैं। इसी आधार पर पुलिस कार्रवाई कर रही है।


परिवार काशीपुर गया था, पिता दिल्ली में
व्यवसायी सौरभ कौशल की पत्नी राशि बेटी खुशी और बेटे ध्रुव के साथ पांच दिन पहले रिश्तेदारी के एक समारोह में शामिल होने के लिए गई थी। पिता विजय कुमार कौशल पांच दिनों से नोएडा में रहने वाली बेटी से मिलने गए हैं। छोटा भाई नितिन ठेकेदारी के सिलसिले में चंपावत गया था। नितिन ने बताया कि रात में डकैती की सूचना मिलने पर वह सुबह चंपावत से आया है। वैसे छात्रसंघ का पूर्व पदाधिकारी रहा नितिन ऊंचापुल स्थित ससुराल में परिवार के साथ रहता है।


प्रकाश व्यवसायी का नौ साल पुराना नौकर
व्यवसायी सौरभ कौशल ने बताया कि उनका नौकर प्रकाश कश्यप हरियाणा के सोनीपत का मूल निवासी है लेकिन नौ सालों से उनके यहां नौकरी कर रहा है। प्रकाश के बड़े भाई का साला अजय उसे लेने के लिए दुकान आया था। साला अजय सुरभि कालोनी में होम फर्निशिंग में दो साल से काम कर रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed