फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Nainital News ›   The bullies chased and beat up the toll workers in kichha

Uttarakhand: दबंगों ने टोलकर्मियों को दौड़ाकर पीटा, लालपुर नगर पंचायत अध्यक्ष के बेटे समेत 15 पर केस दर्ज

Mon, 07 Apr 2025 12:05 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, ऊधम सिंह नगर
अमर उजाला नेटवर्क, ऊधम सिंह नगर Updated Mon, 07 Apr 2025 12:05 PM IST
सार

किच्छा एनएच पर चुकटी स्थित टोल प्लाजा पर कार सवार दबंगों ने टोलकर्मियों के साथ जमकर मारपीट की। दबंगों ने टोल प्लाजा के कंट्रोल रूम में घुसकर तोड़फोड़ कर दी। पुलिस ने 15 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

विज्ञापन
The bullies chased and beat up the toll workers in kichha
FIR Demo - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

किच्छा नेशनल हाईवे पर चुकटी स्थित टोल प्लाजा पर कार सवार दबंगों ने टोलकर्मियों के साथ जमकर मारपीट की। दबंगों ने टोल प्लाजा के कंट्रोल रूम में घुसकर तोड़फोड़ कर दी। पुलिस ने बीचबचाव कर किसी तरह मामला शांत किया। पुलिस ने लालपुर नगर पंचायत अध्यक्ष के बेटे, ब्लाक प्रमुख सहित करीब 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

विज्ञापन


शनिवार देर रात एक कार टोल प्लाजा के बैरियर संख्या पांच पर पहुंची। उसमें बैठे युवकों ने कर्मचारी से टोल बैरियर हटाने के लिए कहा। कर्मचारी ने टोल शुल्क मांगा तो विवाद बढ़ गया। इस पर युवकों ने कार से उतरकर खुद ही बैरियर हटा दिया। टोल कर्मी रोहित कुमार, प्रदीप कुमार, सुपरवाइजर सौरभ के साथ आरोपियों ने मारपीट कर दी। टोल प्रबंधक राहुल शर्मा ने बताया कि इस बीच युवकों के साथियों की गाड़ियां भी वहां पहुंच गई थीं। इसके बाद युवकों ने उनके कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। जब कर्मचारी जान बचाने के लिए कंट्रोल रूम में आए तो युवक उनके पीछे वहां भी आ गए। उन्होंने कंट्रोल रूम में तोड़फोड़ की। आरोपियों ने कैशरूम के दरवाजे को तोड़ने की भी कोशिश की।
विज्ञापन


सूचना पर लालपुर चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह रिंगवाल मौके पर पहुंचे मगर दबंगों ने उनकी भी नहीं सुनी। सूचना पर इंस्पेक्टर धीरेंद्र कुमार फोर्स के साथ पहुंच गए। राहुल शर्मा ने बताया कि युवकों ने लगभग एक घंटे तक पुलिस की मौजूदगी में हुड़दंग किया। पुलिस के समझाने पर युवक वहां से चले गए। इसके बाद कर्मचारी रोहित कुमार और प्रदीप कुमार का मेडिकल कराया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन


टोल कर्मी अर्जुन कुमार की ओर से दी गई तहरीर में कहा कि वहां मौजूद एक व्यक्ति ने खुद को ब्लाक प्रमुख व दूसरे ने खुद को नगर पंचायत लालपुर के अध्यक्ष का बेटा बताया। उनके कर्मचारियों के साथ गालीगलोज, मारपीट कर धमकी दी गई। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इस पर पुलिस ने नगर पंचायत अध्यक्ष के बेटे, ब्लाॅक प्रमुख सहित 10 से 15 अज्ञात लोगों पर बीएनएस की धारा 115 (2), 191 (2),324 (4),351 (3) व 352 के तहत केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच लालपुर चौकी प्रभारी को सौंपी गई है।

नगर पंचायत अध्यक्ष के बेटे की आज जानी है बरात
टोल प्लाजा में हुई घटना में शामिल युवक एक पार्टी से लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि लालपुर नगर पंचायत के अध्यक्ष के पुत्र का सोमवार को विवाह है। बरात पीलीभीत जानी है। शनिवार की रात किच्छा के एक बरातघर में रिश्तेदारों, दोस्ताें व परिचितों के लिए पार्टी का आयोजन किया गया था। मारपीट में शामिल लोग पार्टी से लौट रहे थे और टोल पर विवाद कर बैठे।

घटना से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया
चुकटी के टोल पर शनिवार रात को हुई मारपीट की घटना की जानकारी एनएचएआई के उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। रविवार दोपहर गल्फार कंपनी के प्राेजेक्ट हेड आलोक चौधरी ने बताया कि प्रकरण को गंभीरता से लिया गया है। टोल पर सारी घटना की वीडियो रिकार्डिंग है। इसे एनएचएआई के उच्चाधिकारियों के अलावा संबंधित मंत्रालय को भी भेज दिया गया है।

अमृतलाल ने किया मारपीट से इन्कार
किच्छा। लालपुर के नगर पंचायत के अध्यक्ष के पुत्र अमृतपाल सिंह ने मारपीट की घटना से इन्कार किया है। उनका कहना है कि उनकी गाड़ी में फास्टैग लगा था। गेट संख्या पांच पर कोई कर्मचारी नहीं था। बैरियर की तकनीकी खराबी होने पर उठ नहीं रहा था। उनके साथी ने बैरियर उठा दिया, इस बीच कुछ कर्मचारी आ गए और बहस करने लगे। यहां पर विवाद हुआ तो उन्होंने बीचबचाव किया था। आरोप लगाया कि टोलकर्मियों ने पीछे से आकर हमला बोला, फिर भाग गए।

एसओजी खंगाल रही फुटेज
टोल पर उपजे विवाद के बाद रविवार सुबह एसओजी के दारोगा मौके पर पहुंचे और सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। सीओ भूपेंद्र सिंह धौनी ने बताया कि घटना के समय के सभी वीडियो लेकर मामले की पूरी छानबीन की जाएगी और दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

सांसद प्रतिनिधि बोले, टोलकर्मियों ने की थी शुरुआत
टोल प्लाजा पर हुए बवाल के सीसीटीवी फुटेज में सांसद प्रतिनिधि विपिन जल्होत्रा भी दिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी मिलने पर वह मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। उन्होंने मारपीट की घटना से इन्कार करते हुए आरोप लगाया कि मारपीट की शुरुआत टोल कर्मचारियों की ओर से की गई थी।

किच्छा में टोल प्लाजा पर हुए घटनाक्रम में अभियुक्तों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अभियुक्तों को चिह्नित किया जा रहा है। पूरे मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। किसी किस्म की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। -मणिकांत मिश्रा, एसएसपी।


किच्छा में हुए टोल प्लाजा प्रकरण की जानकारी की जा रही है। कानून अपना काम कर रहा है। इस मामले में जानकारी लेने के बाद पार्टी स्तर से कार्रवाई की जाएगी। -कमल जिंदल, भाजपा जिलाध्यक्ष

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed