अल्मोड़ा। जिले में शुक्रवार को एक बार फिर पांच कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। इनमें तीन व्यक्ति सल्ट में संस्थागत क्वारंटीन और दो बेस अस्पताल अल्मोड़ा में आइसोलेशन में थे। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद सभी को बेस अस्पताल में भर्ती कर दिया गया है। अब जिले में कुल मरीजों की संख्या 69 पहुंच गई हैं। इसमें से 22 लोग स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं।
जिले में बढ़ रहे कोरोना पॉजिटिव मामलों के साथ स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की मुश्किलें भी बढ़ने लगी हैं। शुक्रवार को जिले में पांच और कोरोना पॉजिटिव मामले आए। सीएमओ कंट्रोल रूम के अनुसार शुक्रवार को पॉजिटिव पाए गए लोगों में तीन व्यक्ति सल्ट में संस्थागत क्वारंटीन में और दो लोग बेस अस्पताल में आइसोलेट किए गए थे। इनमें से दो लोग गुरुग्राम, दो दिल्ली और एक मुंबई से लौटा था। पांच नए मामलों के साथ अब जिले में कुल 69 पॉजिटिव केस दर्ज किए गए हैं। इनमें से 22 रोगी ठीक होकर लौट चुके हैं। 46 सक्रिय मरीजों का उपचार किया जा रहा है। शुक्रवार को पॉजिटिव पाए गए पांचों मरीजों को बेस अस्पताल में भर्ती कर दिया गया है। शुक्रवार को भी अस्पताल से चार लोग स्वस्थ होकर घर लौटे हैं। सभी चार लोगों ने दस दिनों का उपचार की अवधि पूरी कर ली हैं। अब इन सभी को सात दिनों के होम आइसोलेशन में रहना होगा।