अल्मोड़ा। महिला कल्याण और बाल विकास राज्यमंत्री रेखा आर्या ने कोरोना रोधी सभी संसाधन और उपकरण जरूरत होने पर उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है। उन्होंने समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को कोरोना की रोकथाम के लिए डीएम के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए।
विकास भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में महिला कल्याण मंत्री ने कहा कि जिले का रिकवरी रेट काफी बेहतर है। ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता के साथ ही ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में मास्क, सुरक्षित दूरी का भी पालन कराया जाए। क्वारंटीन नियमों का भी लोगों से पालन कराया जाए। उन्होंने कहा कि कोराना जांच के लिए भेजे जाने वाले कुछ सैंपलों को क्रॉसचेक आरटीपीसीआर और ट्रूनेट दोनों मशीनों से किया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सभी अधिकारियों से टीम भावना से कार्य करने के निर्देश दिए। कहा कि कोरोना से निपटने के लिए संसाधनों, उपकरणों की आवश्यकता है तो अवगत कराएं। उन्होंने अन्य विषयों पर भी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से जानकारी मांगी। सीएमओ डॉ. सविता ह्यांकी ने तैयारी और स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए किए गए कार्यों की जानकारी दी। बैठक में एसएसपी पीएन मीणा, सीडीओ मनुज गोयल, एसडीएम सदर सीमा विश्वकर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, महेश नयाल, एसीएमओ डॉ. योगेश पुरोहित, डॉ. अनिल ढींगरा, डॉ. दीपांकर डेनियल, परियोजना निदेशक नरेश कुमार, आपदा प्रबंधन अधिकारी राकेश जोशी, जिला पर्यटन अधिकारी राहुल चौबे, जीएम डीआईसी डॉ. दीपक मुरारी थे।