Haldwani: कांग्रेस ने निकाली जनाक्रोश रैली, प्रदेश सरकार पर हमलावर हुए दिग्गज नेता; इन मुद्दों पर हल्ला बोल
जिला कांग्रेस के आह्वान पर जिले भर के कांग्रेसियों ने हल्द्वानी में एमबी इंटर कॉलेज के मैदान से जनाक्रोश रैली निकाली, जो नैनीताल रोड होते हुए जिलाधिकारी के कैंप कार्यालय तक पहुंची। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को हल्द्वानी में भाजपा सरकार के खिलाफ जनाक्रोश रैली निकाली। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव किया और धरना दिया। इससे पहले नैनीताल रोड पर बेरिकेडिंग लगाने से गुस्साए कांग्रेसी नेताओं की पुलिस से झड़प भी हुई। सभी कांग्रेसी बेरिकेडिंग फांदकर डीएम कैंप कार्यालय तक पहुंचने में सफल रहे।
जनाक्रोश रैली से पहले एमबी इंटर कॉलेज के मैदान में हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश में कहीं भी कानून व्यवस्था नहीं है। हत्या, लूट, बलात्कार जैसे अपराध बढ़ रहे हैं। पहाड़ से लेकर मैदान तक आपदा से आम जनता के बुरे हाल हैं लेकिन भाजपा सरकार, उसके मंत्री और विधायक चुप्पी साधे हुए हैं। सरकार आम जनता के धन की खुलेआम बंदरबांट कर रही है। संचालन गोविंद बिष्ट ने किया। सभा को नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, विधायक सुमित ह्रदयेश, प्रकाश जोशी, रंजीत रावत ने संबोधित किया। इसके बाद कार्यकर्ता हाथों में बैनर और झंडे लिए डीएम कैंप कार्यालय के लिए निकले।
डीएम कैंप कार्यालय से डेढ़ सौ मीटर पहले ही प्रशासन ने बेरिकेडिंग कर सड़क बंद कर दी थी। इस पर कांग्रेसी भड़क उठे और बेरिकेडिंग पर चढ़कर नारेबाजी करने लगे। बाद में पार्टी नेता और कार्यकर्ता बेरिकेडिंग पर चढ़कर कैंप कार्यालय पहुंचे और धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने बाद में एडीएम फिंचा राम के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर आम जनता से जुड़े मुद्दों पर कार्रवाई की मांग की। जनाक्रोश रैली में पूर्व स्पीकर गोविंद सिंह कुंजवाल, प्रकाश जोशी, पूर्व विधायक रंजीत रावत, पूर्व सांसद महेंद्र पाल, पूर्व मंत्री हरीश दुर्गापाल, विधायक गोपाल राणा, संजीव आर्य, ललित जोशी, सतीश नैनवाल, हरीश पनेरू, राजेंद्र खनवाल, सौरभ भट्ट, केदार पलड़िया, जगमोहन चिलवाल, प्रताप बर्गली, हरेंद्र क्वीरा, हरेंद्र बोरा, संजय किरौला, प्रकाश पांडे, भोला भट्ट, तारा नेगी, राजेंद्र सिंह नेगी, अनुपम कब्डवाल, हेमंत सिंह बगड्वाल, नरेश अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष गोविंद बिष्ट, जीवन कार्की, सतनाम सिंह, दीप पाठक, सतीश लाल वर्मा, डीके डालाकोटी, इंद्रजीत सिंह बिष्ट आदि शामिल रहे।
भाजपा सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार की लंबी फेहरिस्त : यशपाल
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि भाजपा सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार की लंबी फेहरिस्त है। आपराधिक वारदातें इतनी बढ़ गई हैं कि महिलाएं घर से बाहर निकलने में डर रही हैं। सरकार ने कुर्सी अधिकारियों को सौंप दी है। कमिश्नर को दस करोड़ और डीएम को पांच करोड़ खर्च करने का अधिकार देकर सरकार जनता के पैसे की खुलेआम बंदरबांट कर रही है। कहा कि कांग्रेस ने दो दिन के सत्र में जनता से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से सदन में उठाया लेकिन सरकार आपदा जैसे मुद्दे पर चर्चा से बचती रही। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, गौला पुल, किसानों की जमीन की बंदरबांट, अतिक्रमण के नाम पर व्यापारियों को उजाड़ने, सरकारी उद्योगों के निजीकरण को भी मुद्दा बनाया। कहा कि सशक्त भू कानून लाने की बात करने वाली भाजपा सरकार को पिछले वर्षों के दौरान अडानी, अंबानी और रामदेव को दी गई जमीन का हिसाब देना होगा।
प्रदेश की भाजपा सरकार पूरी तरह निरंकुश : करन
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन महरा का कहना है कि वर्तमान में प्रदेश की भाजपा सरकार हर मोर्चे पर फेल साबित हुई है। आम आदमी महंगाई, भ्रष्टाचार और रोजगार जैसे मुद्दों से जूझ रहा है। प्रदेश में महिला हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। इतना होने के बाद भी सरकार खामोश है। कहा कि वर्तमान में प्रशासन और पुलिस जिस तरह से काम कर रहा है, कांग्रेस उसकी निंदा करती है। धामी सरकार सशक्त भू कानून पर भी दोहरी नीति अपना रही है। एक ओर धामी कहते हैं कि बाहरी व्यक्ति निर्धारित सीमा तक ही जमीन खरीद सकते हैं वहीं दूसरी ओर स्कूल, कॉलेज और पर्यटन के नाम पर निजी कंपनियों के हाथों जमीन लुटाई जा रही है।
भाजपा के शासन से प्रदेश की जनता त्रस्त : सुमित
हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश का कहना है कि जनता भाजपा के शासन से त्रस्त हो चुकी है। कहा कि जिस प्रदेश में विपक्ष के विधायक के प्रस्तावों को दरकिनार कर दिया जाता हो, वहां आम जनता की सुनवाई कैसे होती होगी, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम और गौला नदी में भू कटाव रोकने के लिए किए कार्यों में भ्रष्टाचार चरम पर रहा है। इसी कारण एक बारिश में ही स्टेडियम और गौला पुल खतरे की जद में आ गए। सरकार कहीं सड़क चौड़ीकरण के नाम पर व्यापारियों का उत्पीड़न कर रही है और कहीं रिंग रोड के नाम पर ग्रामीणों और काश्तकारों की जमीन हड़पने की तैयारी है। कहा कि जनता सब समझ चुकी है और चुनाव में इसका परिणाम देखने को मिलेगा।
भ्रष्टाचारी सरकार की विदाई चाहती है प्रदेश की जनता: भुवन
कांग्रेस के उपनेता सदन भुवन कापड़ी का कहना है कि पूरे प्रदेश में महिला अत्याचार लगातार बढ़ रहा है। महिला अत्याचार के मामलों में हर जगह किसी न किसी भाजपा नेता का नाम आ रहा है। सरकार की कमजोर पैरवी के कारण महिलाओं के साथ हिंसा करने वाले अपराधी कुछ ही दिन में जेल से छूटकर वापस आ रहे हैं। प्रदेश का प्राकृतिक रोजगार खनन हैदराबाद की कंपनी को बेच दिया गया है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार प्रभावित हुआ है। विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर परीक्षा से पहले लीक हो जाते हैं। प्रदेश के सरकारी दफ्तर वसूली के अड्डे बनकर रह गए हैं। जनता चाहती है कि इस भ्रष्टाचारी सरकार की विदाई हो और प्रदेश में फिर से कांग्रेस की सरकार आए।
अब कमिश्नरी घेरेंगे: छिम्वाल
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल छिम्वाल ने जन आक्रोश रैली को सफल बनाने के लिए पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। कहा कि इस रैली में कांग्रेसी ही नहीं बल्कि आम जनता भी शामिल रही। कहा कि जल्द ही जनमुद्दों को लेकर कांग्रेस कमिश्नरी घेरेगी।
यह रही कांग्रेस की प्रमुख मांगें-
-विधायक व अन्य जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों पर तत्काल कार्रवाई हो
- दमुवाढूंगा के लोगों को जमीन का मालिकाना हक मिले
- गौला पुल व अंतराष्ट्रीय स्टेडियम की सुरक्षा हो।
-आपदा प्रभावितों को उचित मुआवजा मिले
- गौला पुल को फोरलेन बनाया जाए
- कलसिया, रकसिया व आमपानी नाले में बाढ़ सुरक्षा के कार्य हों
- नशे पर सख्ती से रोक लगाएं
- आईएसबीटी, जू और स्टेडियम के कार्यों में तेजी लाएं
- बिजली बिलों में बढ़ोत्तरी वापस हो
- सड़क, बिजली, पानी की समस्याएं हल हों
- बेरोजगारी और पलायन की समस्या का प्रभावी समाधान हो
- रिंग रोड निर्माण हो और अस्पतालों की व्यवस्थाएं सुधरें
- फ्री होल्ड की प्रक्रिया में तेजी लाएं
- आवारा पशुओं से जानमाल के नुकसान को रोकने के उपाय हों
- नगर निगम में फर्जीवाड़े व प्राधिकरण में भ्रष्टाचार की जांच हो
- एनएच 74 की बदहाली ठीक हो
- सड़क चौड़ीकरण के नाम पर दुकानदारों को उजाड़ने का आदेश वापस हो
- दुग्ध संघ लालकुआं में वित्तीय अनियमित्ताओं की जांच हो
- जंगल से सटे क्षेत्रों में सोलर फेसिंग हो
ये पढ़ें- Haldwani News: महिला पर रखता था गंदी नजर, मना करने पर पति पर जानलेवा हमला; बनभूलपुरा पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.