UK: हल्द्वानी में आठ अगस्त को खरगे की महारैली, पलायन-बेरोजगारी-महिला अपराध पर सरकार घेरेंगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे आठ अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में महारैली करेंगे, जिससे पार्टी कुमाऊं में सत्ता परिवर्तन का बिगुल फूंकेगी।
विस्तार
आगामी आठ अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे जनसभा करने जा रहे हैं। इस रैली के माध्यम से कांग्रेस उत्तराखंड में मौजूदा सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करेगी और सत्ता परिवर्तन का बिगुल फूंकेगी। पार्टी का दावा है कि नैनीताल और ऊधमसिंह नगर ही नहीं बल्कि यह रैली पूरे कुमाऊं क्षेत्र में एक नए राजनीतिक अध्याय की शुरुआत करेगी।
खरगे की रैली की तैयारियों में जुटे वरिष्ठ कांग्रेसजनों का कहना है कि महारैली के माध्यम से राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे उत्तराखंड में बढ़ते पलायन और खाली होते गांवों के साथ साथ बेरोजगारी, बढ़ता महिला अपराध और किसानों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे। प्रदेश से लेकर केंद्र तक की डबल इंजन सरकार की कथनी और करनी के अंतर को भी अपने संबोधन में स्पष्ट करेंगे।
तराई-भाबर से पूरे प्रदेश को संदेश देने का लक्ष्य
कुमाऊं के सबसे बड़े कारोबारी शहर में राष्ट्रीय अध्यक्ष की जनसभा कराने के पीछे पार्टी का मुख्य उद्देश्य नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिलों में कांग्रेस को मजबूत करना है ताकि आगामी चुनाव में इन दोनों जिलों में पार्टी के अधिक से अधिक विधायक बाजी मार सकें। पार्टी नेताओं का मानना है कि तराई भाबर में कांग्रेस मजबूत होगी तो इसका संदेश कुमाऊं ही नहीं बल्कि पूरे उत्तराखंड तक पहुंचेगा। रैली के माध्यम से कांग्रेस कुमाऊं के मतदाताओं की नब्ज को भी टटोलेगी।
जनता में पनप रहे असंतोष को कैश करने मंशा
कांग्रेसी नेताओं का मानना है कि रैली में पार्टी के कद्दावर नेताओं के साथ ही 15 से 20 हजार से अधिक कार्यकर्ता शामिल होंगे। पार्टी इस रैली को आगामी चुनावों के लिए एक मजबूत शुरुआत के तौर पर देख रही है और इसके माध्यम से जनता के बीच अपनी पैठ बनाने की कोशिश करेगी। रैली का उद्देश्य मौजूदा सरकार के प्रति जनता में पनप रहे असंतोष को एक मंच प्रदान करना और कांग्रेस की सत्ता में वापसी करना भी है।
रैली की अनुमति अभी नहीं
कांग्रेस ने जिला प्रशासन से आठ अगस्त को रामलीला मैदान में होने वाली राष्ट्रीय अध्यक्ष की रैली के लिए अनुमति मांगी है। सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी ने बताया कि पार्टी का आवेदन पत्र पुलिस और यातायात पुलिस को जांच के लिए भेजा गया है। दोनों जगह से रिपोर्ट लगने के बाद अग्रिम कार्रवाई होगी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष की जनसभा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नैनीताल जिले से 80-100 बसें और ऊधमसिंह नगर जिले से 150-200 बसें कार्यकर्ताओं को लेकर हल्द्वानी पहुंचेंगी। इसके अलावा पूरे प्रदेश से कांग्रेसजन रैली में जुटेंगे। कांग्रेस की यह रैली उत्तराखंड में सत्ता परिवर्तन का माध्यम बनेगी। -राहुल छिम्वाल कांग्रेस जिलाध्यक्ष