Election Results: घर में ही हार गए कांग्रेस के प्रकाश जोशी, 2017 में मिले थे 25107 वोट; जानें इस बार का हाल
Election Results: कालाढूंगी विधानसभा में कांग्रेस को अधिकतर चुनाव में 25 हजार के आसपास वोट मिलते हैं। कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश जोशी अपने गृह क्षेत्र कालाढूंगी विधानसभा से ही हार गए।
विस्तार
कालाढूंगी विधानसभा में कांग्रेस को अधिकतर चुनाव में 25 हजार के आसपास वोट मिलते हैं। कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश जोशी अपने गृह क्षेत्र कालाढूंगी विधानसभा से ही हार गए। उन्हें अपने विधानसभा क्षेत्र से 2017 के विधानसभा चुनाव की तुलना में कम वोट पड़े। सपा के समर्थन के बावजूद हल्द्वानी में भी कांग्रेस को बढ़त नहीं मिल सकी।
कांग्रेस नैनीताल जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्र में कहीं बढ़त नहीं बना पाई। नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा सीट में रामनगर को हटाकर पांच विधानसभाएं पड़ती हैं। रामनगर विधानसभा गढ़वाल क्षेत्र के अंतर्गत आती है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस का विधायक जीता था लेकिन लोकसभा चुनाव में यह विधानसभा भी कांग्रेस करीब 500 वोट से हार गई।
ये पढ़ें- UK Election Result: 23 साल की उम्र में राजनीति की शुरुआत, 52 में लगाया हैट्रिक...चौथे धुरंधर बने अजय टम्टा
कालाढूंगी सीट से प्रकाश जोशी वर्ष 2012 और 2017 का विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं। साल 2017 में उन्हें इस सीट पर 25107 मत मिले थे जबकि इस चुनाव में उन्हें यहां से केवल 24830 मत मिले हैं। साल 2022 में इस सीट पर कांग्रेस से महेश शर्मा ने विधायक का चुनाव लड़ा और उन्हें 43,916 मत मिले थे। इस लिहाज से देखा जाए तो महेश शर्मा का भाजपा में जाना भी कांग्रेस को भारी पड़ा है। शर्मा साल 2017 और 2012 में निर्दलीय विधायक प्रत्याशी रहे हैं और दोनों बार क्रमश: 20,214 और 11,809 मत उन्होंने पाए थे। भाजपा को यहां से 81241 मत प्राप्त हुए हैं। यही हाल अन्य सीटों पर रहा है। नैनीताल सीट पर पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी संजीव आर्य को 23,889 मिले थे।
कांग्रेस को लोकसभा चुनाव में इस बार इस सीट से 19424 मत मिले हैं। भीमताल से कांग्रेस प्रत्याशी दान सिंह भंडारी को 15788 मत मिले और इस बार प्रकाश जोशी को इस सीट पर 13636 मत ही मिले। लालकुआं सीट पर पिछली बार कांग्रेस प्रत्याशी हरीश रावत को 28780 मत मिले थे। प्रकाश जोशी को इस सीट पर 20128 मत ही मिले हैं। हल्द्वानी सीट पर भी कांग्रेस बुरी तरह से पिछड़ी है। सपा के समर्थन के बावजूद कांग्रेस को यहां से इस बार यहां से 44761 मत मिले हैं। कांग्रेस विधायक को विधानसभा चुनाव में यहां से 50116 मत मिले थे।
834 वोट हो गए निरस्त
चुनाव मतगणना के दौरान 834 वोट रिजेक्ट कर दिए गए। ये मत पोस्टल बैलेट से प्राप्त हुए थे। इनमें अधिकतर पर लोगों ने सही जगह मुहर नहीं लगाई थी।
लोकसभा सीट में 10425 लोगों ने दबाया नोटा
नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा सीट में 10425 मतदाताओं ने सभी प्रत्याशियों को नकार दिया। दस हजार से अधिक मतदाता वोट देने तो आए लेकिन उन्होंने नोटा का बटन दबाया। भाजपा, कांग्रेस और बसपा के अख्तर अली ही नोटा से अधिक वोट पा सके। इस सीट पर प्रत्याशी अखिलेश कुमार, अमर सिंह, जीवन चंद्र, शिब सिंह, सरेंद्र सिंह, रमेश कुमार और हितेश पाठक नोटा के बराबर वोट नहीं पा सके।