'टुल्लू पंप' से भरे जा रहे थे गैस सिलिंडर: सिटी मजिस्ट्रेट ने छापा मारकर किया भंडाफोड़, एक गिरफ्तार
हल्द्वानी में टुल्लू पंप के जरिये घरेलू गैस सिलिंडर से कॉमर्शियल सिलिंडर और टेपों में गैस भरी जा रही थी। सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट ने पूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ बुधवार को छापा मारा। टीम ने गैस भर रहे युवक को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शहर में अब तक का सबसे बड़ा अवैध गैस रीफिलिंग सेंटर पकड़ में आया है। यहां टुल्लू पंप (पानी की मोटर) के जरिये घरेलू गैस सिलिंडर से कॉमर्शियल सिलिंडर और टेपों में गैस भरी जा रही थी।
परिसर को सील कर दो लोगों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इनमें एक को गिरफ्तार कर लिया है। मौके से आठ व्यवसायिक और छह घरेलू सिलिंडर, तीन इलेक्ट्रानिक मशीन, दो कांटे सहित अन्य उपकरण जब्त किए हैं।
सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह को सूचना मिली कि प्रगति विहार डहरिया में अवैध गैस रीफिलिंग सेंटर चल रहा है। सिटी मजिस्ट्रेट ने पूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ बुधवार को छापा मारा। यहां अवैध रीफिलिंग का कारखाना देख अफसर दंग रह गए। रीफिलिंग के लिए तीन टुल्लू पंप नुमा मशीन लगाई गईं थीं। जिनके जरिये घरेलू गैस सिलिंडर से कॉमर्शियल सिलिंडर भरे जा रहे थे।
टीम ने गैस भर रहे मुकेश कुमार निवासी बिजनौर हाल निवासी डहरिया को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। साथ ही मुकेश और प्रदीप जायसवाल के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है। मौके से छह घरेलू सिलिंडर, आठ कॉमर्शियल सिलिंडर, दो तराजू सहित कई उपकरण जब्त किए। पूर्ति विभाग की टीम ने सिलिंडर एक गैस एजेंसी के सुपुर्द कर दिए हैं। सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह ने बताया कि परिसर को सील कर दिया गया है। टीम में एआरओ गिरीश जोशी, यातायात नगर चौकी इंचार्ज सुशील जोशी, एसआई त्रिभुवन उप्रेती आदि मौजूद रहे।
ताला लगाकर भाग रहा था सिटी मजिस्ट्रेट ने पकड़ा
जब सिटी मजिस्ट्रेट की गाड़ी ने गली में प्रवेश किया तो अवैध रीफिलिंग करने वाले को इसकी सूचना मिल गई। वह ताला लगाकर भाग रहा था। सिटी मजिस्ट्रेट ने उसे ताला लगाते देख लिया। उसे पकड़ने के लिए होमगार्ड को उसके पीछे दौड़ाया। तब जाकर मुकेश कुमार पकड़ में आया।
तिराहे पर टेंपो लगाकर छापा मारने पहुंची टीम का रास्ता रोका
सिटी मजिस्ट्रेट की गाड़ी जब प्रगति विहार की तरफ मुड़ी तो तिराहे पर एक व्यक्ति ने अपना टेंपो बीच रास्ते में लगा दिया जिससे मार्ग अवरुद्ध हो गया। वह टेंपो कभी आगे करता, कभी पीछे। जब सिटी मजिस्ट्रेट के चालक ने उसे डांटा तो तीन मिनट बाद उसने टेंपो सड़क से हटाया।
गली तक कर रहे थे मुखबिरी
अवैध रीफिलिंग करने वाले ने आईटीआई से लेकर कारखाने तक हर 100 मीटर पर एक मुखबिर खड़ा किया था। मुखबिर पल-पल की जानकारी वहां काम करने वाले लोगों को दे रहे थे। सिटी मजिस्ट्रेट के कारखाने तक पहुंचने तक कारखाने में ताला लग गया था। थोड़ी देर और हो जाती तो मुकेश वहां से फरार हो जाता।
65.92 रुपये की गैस 120 किलो बेचते हैं
गैस रीफिलिंग करने वाले घरेलू सिलिंडर से व्यावसायिक सिलिंडर भरकर हजारों रुपये प्रतिमाह कमा रहे थे। जांच में पता चला कि 65.92 रुपये किलो घरेलू गैस खरीदकर टेंपो में 120 रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से भरी जाती है। पूर्ति विभाग के अनुसार, घरेलू गैस का 14 किलो का सिलिंडर 923 रुपये का है जबकि 19 किलो का व्यावसायिक सिलिंडर 1731.50 रुपये का है। इस हिसाब से घरेलू सिलिंडर की गैस 65.92 रुपये प्रति किलोग्राम जबकि कॉमर्शियल सिलिंडर की गैस 91.13 रुपये प्रति किलोग्राम पड़ती है। ऐसे में गैस की कालाबाजारी करने वाले रेस्टोरेंट और होटल संचालकों को व्यावायिक दर से 200 रुपये कम कर सिलिंडर उपलब्ध कराते हैं।
घर से लिया था बिजली का कनेक्शन
अवैध रीफिलिंग के कारखाने में एक घर से बिजली का कनेक्शन दिया गया था। सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह के निर्देश पर बिजली विभाग के अधिकारी पहुंचे। यातायात नगर बिजली घर की एसडीओ शुभा जोशी ने बताया कि उस घर का कनेक्शन काट दिया गया है। भवन मालिक पर जुर्माना लगाया जाएगा।