भीमताल (नैनीताल)। शनिवार को एक जिला और चार ब्लाक स्तर के अधिकारियों को कार्यालयों से अनुपस्थित रहना भारी पड़ गया। सीडीओ ने पांचों अधिकारियों का वेतन रोकने का आदेश दिया है।
बुधवार को सीडीओ डॉ. संदीप तिवारी ने सुबह 10.30 बजे ब्लॉक कार्यालय में का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रभारी बीडीओ, सहायक समाज कल्याण अधिकारी, एडीओ सहकारिता और एडीओ पंचायत कार्यालयों से अनुपस्थित मिले। वहीं विकास भवन के निरीक्षण के दौरान मुख्य कृषि अधिकारी भी अपने कार्यालय से अनुपस्थित मिले। सीडीओ ने प्रभारी बीडीओ से चार्ज लेकर एबीडीओ को प्रभारी बीडीओ का चार्ज देने की बात कही है। सीडीओ ने बताया कि विभागीय अधिकारी अपनी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं कर रहे हैं। बुधवार को निरीक्षण के दौरान भीमताल ब्लॉक के प्रभारी बीडीओ, सहायक समाज कल्याण अधिकारी, एडीओ सहकारिता, एडीओ पंचायत और मुख्य जिला कृषि अधिकारी अपने कार्यालयों से अनुपस्थित थे। उन्होंने बताया कि अधिकारियों के उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर नहीं थे। सीडीओ ने कहा कि पांचों अधिकारियों का वेतन रोकने का आदेश देने के साथ ही उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी निरीक्षण के दौरान जिला स्तरीय और ब्लॉक स्तरीय अधिकारी अपने कार्यालयों से अनुपस्थित मिले थे। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी दी है कि भविष्य में अगर कोई भी अनुपस्थित पाया गया तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।