Uttarakhand: नैनीताल की सैर हुई महंगी, घूमने का बना रहे हैं प्लान तो यहां पढ़ें एंट्री चार्ज सहित पूरी डिटेल
इस वर्ष नैनीताल में नौकायन का किराया दो गुना कर दिया गया है। पूर्व में नैनीझील में आधा चक्कर नौकायन का किराया 160 रुपये था जबकि पूरे चक्कर का 210 रुपये था। लेकिन इस वर्ष अप्रैल से यह किराया बढ़ाकर आधा चक्कर का 320 रुपये और पूरा चक्कर 420 रुपये प्रति नाव का हो गया है।
विस्तार
लगातार बढ़ती महंगाई का असर पर्यटन पर भी दिखाई दे आ रहा है। यदि आप नैनीताल में घूमने के लिए रहे हैं तो इस बार आपको शहर में प्रवेश करने से लेकर खाने पीने और रहने समेत अन्य सभी गतिविधियों में पिछले वर्षों के मुकाबले कहीं अधिक धनराशि खर्च करनी होगी। पिछले वर्षों के मुकाबले इस वर्ष नैनीताल भ्रमण महंगा हो चुका है। संवाद
चार सौ के पार हुआ नौकायन का किराया
नैनीताल। बीते वर्षों के मुकाबले इस वर्ष नैनीताल में नौकायन का किराया दो गुना कर दिया गया है। पूर्व में नैनीझील में आधा चक्कर नौकायन का किराया 160 रुपये था जबकि पूरे चक्कर का 210 रुपये था। लेकिन इस वर्ष अप्रैल से यह किराया बढ़ाकर आधा चक्कर का 320 रुपये और पूरा चक्कर 420 रुपये प्रति नाव का हो गया है।
वन्यप्राणियों का दीदार भी हुआ महंगा
नैनीताल पहुंचने वाले विदेशी पर्यटकों को चिड़ियाघर में वन्यजीवों के दीदार के लिए प्रति व्यक्ति 200 रुपये और भारतीय नागरिकों को 100 रुपये चुकाने होंगे। बच्चों का किराया भी 50 रुपये हो गया है। चिड़ियाघर के किराए में वृद्धि हाल फिलहाल में नहीं हुई है। यह वृद्धि पूर्व के वर्षों में हुई है। पूर्व में बच्चों के प्रवेश का 20 रुपये और वयस्कों का 50 रुपये किराया निर्धारित था। यही नहीं चिड़ियाघर प्रबंधन ने कॉमन सिस्टम भी शुरू किया है जिसके माध्यम से चिड़ियाघर, बॉटनिकल गार्डन और वॉटर फॉल में भारतीय नागरिक 180 रुपये में और विदेशी नागरिक 315 रुपये देकर भ्रमण कर सकते हैं।
नैनीताल। कालाढूंगी रोड स्थित वन विभाग के बॉटनिकल गार्डन में तरह तरह की प्रजातियों के औषधीय पेड़, पौधे, फूल आदि हैं जिन्हें देखने के लिए दूरदराज से प्रकृति प्रेमी पहुंचते हैं। पूर्व के वर्षों में यहां का किराया पचास रुपये था, जिसके बाद बढ़ाकर सौ रुपये कर दिया गया है। वाटरफॉल का किराया 50 रुपये प्रति व्यक्ति है।
नैनीताल में प्रवेश के देने होंगे सौ रुपये
नैनीताल। नैनीताल में प्रवेश के लिए अब सौ रुपये प्रति वाहन चुकाने होंगे। इससे पूर्व दोपहर में 60 रुपये जबकि दोपहर बाद 110 रुपये टोल टैक्स के रूप में देने होते थे, लेकिन अब सभी वाहनों का टोल टैक्स 110 रुपये लगेगा।
रेस्टोरेंट में खाना भी हुआ 15 फीसदी तक महंगा
नैनीताल। नैनीताल के रेस्टोरेंट में खाना पीना भी महंगा हो गया है। महंगाई के चलते अधिकतर रेस्टोरेंट स्वामियों ने 10 से 15 फीसदी तक रेट बढ़ा दिए हैं।
नैनीताल में भीड़ बढ़ी तो अस्थायी पार्किंग स्थलों में रोके सैलानियों के वाहन
सप्ताहांत के मौके पर नैनीताल में शनिवार को सैलानियों की खासी भीड़ नजर आई। सुबह से ही भारी संख्या में सैलानियों के आने से नगर के सभी पार्किंग पैक हो गए। ऐसे में पुलिस ने अस्थायी पार्किंग में करीब 1200 वाहनों को रोककर शटल से सैलानियों को नैनीताल भेजा। इससे नैनीताल शहर के भीतर यातायात व्यवस्था सही रही।
शुक्रवार शाम और शनिवार सुबह से पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने के बाद नगर के पार्किंग स्थल भी पैक हो गए। इस पर पुलिस ने रूसी बाईपास और नारायण नगर में बने अस्थायी पार्किंग स्थलों में सैलानियों के वाहनों को रोका और उन्हीं वाहनों को प्रवेश करने दिया जिनके पास पार्किंग वाले होटलों की बुकिंग थी।
बाॅटनिकल गार्डन पहुंचे 268 पर्यटक
ऐसे में शनिवार को शहर में न तो जाम दिखा और न ही नो पार्किंग जोन में सैलानियों के वाहन। दोपहर तक पंतपार्क, चाट बाजार और माल रोड में सैलानियों की खासी भीड़ थी। पूरे दिन नैनीझील में भी सैलानियों ने नौकायन का लुत्फ उठाया। बारापत्थर में घुड़सवारी के लिए भी सैकड़ों पर्यटक पहुंचे। वन क्षेत्राधिकारी अजय रावत ने बताया कि शनिवार को जू में 1000, वाटर फॉल में 926 और बाॅटनिकल गार्डन में 268 पर्यटक पहुंचे हैं। इनके अलावा अन्य पर्यटक स्थलों में भी पर्यटकों की भीड़ उमड़ी।
अस्थायी पार्किंगों में मूलभूत सुविधाएं नहीं
नैनीताल। नैैनीताल में पर्यटन सीजन को लेकर जिला प्रशासन अब तक कोई व्यवस्था नहीं कर पाया है। शनिवार को पुलिस ने पर्यटकों के वाहन रूसी बाइपास में पार्क करा दिए। लेकिन अस्थायी पार्किंगों में मूलभूत सुविधाओं का अभाव था। पेयजल से लेकर होटलों की सूची अब भी नहीं लग पाई और शौचालयों में भी ताले लटके रहे जिसके चलते पर्यटकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
- सैलानियों की संख्या बढ़ने से शनिवार को नगर के सभी पार्किंग पैक हो गए। इसके चलते समय से रूसी बाईपास अस्थायी पार्किंग और नारायण नगर पार्किंग में बिना होटल बुकिंग वाले पर्यटकों के वाहनों को पार्क कराकर शटल से नैनीताल भेजा गया। होटलों में बुकिंग वाले पर्यटकों को नैनीताल में प्रवेश दिया जा रहा है। -विभा दीक्षित सीओ नैनीताल
ये भी पढ़ें...Uttarakhand: प्रदेश के खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देंगे विदेशी कोच, सीएम खेल विकास निधि में की गई व्यवस्था
- सप्ताहांत के दौरान नैनीताल में पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है जिसके चलते अस्थायी पार्किंगों में पर्यटकों के वाहनों को रोका जा रहा है। अस्थायी पार्किंगों में मोबाइल शौचालय के साथ साथ अन्य व्यवस्थाएं भी जुटाई जा रही हैं। ताकि पर्यटकों को किसी प्रकार की दिक्कतों का सामना न करना पड़े। - राहुल साह, एसडीएम, नैनीताल