हल्द्वानी हनी ट्रैप: करोड़ों की वसूली करने वालों की कुंडली खंगालना शुरू, मुश्ताक के मास्टरमाइंड होने का अंदेशा
कारोबारी को हनी ट्रैप में फंसाकर करोड़ों की वसूली मामले में पुलिस जांच कर रही है। आरोपी ज्योति सिंह पिछले दो साल से व्यापारी से 40 हजार रुपये प्रतिमाह वसूल रही थी, जबकि मो. मुश्ताक को मास्टरमाइंड माना जा रहा है
विस्तार
कारोबारी को हनी ट्रैप में फंसाकर करोड़ों रुपये की वसूली करने के मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अब तक की पड़ताल में सामने आया है कि आरोपी ज्योति सिंह पिछले दो साल से व्यापारी से 40 हजार रुपये प्रतिमाह की रकम वसूल कर रही थी। इस पूरे प्रकरण का मास्टरमाइंड मो. मुश्ताक के होने का अंदेशा जताया जा रहा है। अब पुलिस पूर्व में सामने आए हनी ट्रैप के मामलों के दस्तावेज भी खंगालने जा रही है। आरोपियों के मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगाने और सीडीआर निकलवाने जैसी कार्रवाई शुरू हो चुकी है।
हनी ट्रैप मामले में सात सदस्यीय गिरोह का हाथ है जिसमें मुख्य तौर पर ज्योति सिंह और मो. मुश्ताक शामिल हैं। बड़ा सवाल है कि पांच करोड़ रुपये की बड़ी रकम को नकद लेना और उसे ठिकाने लगाना किसी एक व्यक्ति का काम नहीं हो सकता है। दर्ज मामले में व्यापारी ने यह भी बताया था कि ज्योति सिंह वकालत की पढ़ाई कर चुकी है। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि वह सभी कानूनी दांवपेंच जानती होगी और उसने खुद को बचाने की तैयारी की होगी।
जैविक पिता बताकर हर माह वसूले 40 हजार रुपये
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि ज्योति सिंह प्रत्येक माह व्यापारी से 40 हजार रुपये की एकमुश्त राशि वसूलती थी। इसके लिए उसने व्यापारी को अपनी बेटी का जैविक पिता बताकर दबाव बनाया। यह वसूली पिछले दो साल से चल रही थी। अंदेशा है कि दो साल में आरोपी महिला करीब 9.60 लाख रुपये वसूल चुकी थी। अब उसकी नजर कारोबारी के पेट्रोल पंप पर थी। वह पंप को नाबालिग बेटी के नाम करने और बतौर केयरटेकर उसे पंप स्वामी बनाने का दबाव बना रही थी। इसके अलावा उसने व्यापारी से मकान में भी हिस्सा देने की मांग की थी। ऐसा नहीं करने पर वह वीडियो वायरल करने की धमकी दे रही थी।
पूर्व में जा चुकी है जेल
आरोपी ज्योति का नाम साल 2014 में शहर में तैनात एक वित्त अधिकारी से भी जुड़ा है। तब अधिकारी को हनी ट्रैप में फंसाकर लाखों की वसूली का मामला भी सामने आया था। पीड़ित अफसर की तहरीर पर जून 2014 में ज्योति सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की जांच कर पुलिस ने चार्जशीट भी लगाई। साथ ही ज्योति सिंह को गिरफ्तार कर कोर्ट के आदेश से जेल भी भेजा गया था। सूत्रों के अनुसार, कुछ समय बाद ज्योति जमानत पर बाहर आई।
कारोबारी के पैसे से उसका ही खरीदती थी प्लॉट
पुलिस जांच में सामने आया कि जब भी ज्योति सिंह पीड़ित के प्लॉट की रजिस्ट्री अपने या गिरोह के साथी के नाम कराती थी तब सर्किल रेट के हिसाब से नकद रकम व्यापारी से लेती थी। इसके बाद जिस बैंक खाते से दस्तावेज में रुपयों का भुगतान दर्शाया जाता था उस खाते में वह रकम जमा करती थी। रजिस्ट्री होने और व्यापारी के बैंक खाते में रकम पहुंचने के बाद आरोपी महिला वही धनराशि फिर व्यापारी के बैंक खाते से निकलवाकर या तो नकद ले लेती थी या फिर मो. मुश्ताक या गिरोह के अन्य सदस्यों के खाते में ट्रांसफर करा लेती थी।
एसएसपी की काउंसिलिंग के बाद दर्ज हुआ मामला
मानसिक तनाव से जूझ रहे व्यापारी जब मौखिक शिकायत लेकर एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी के पास पहुंचे तो दो दिन कप्तान ने उनकी काउंसिलिंग की। पहले दिन की बातचीत के बाद कारोबारी ने कप्तान के कहने पर 11 साल में पहली बार अपने परिवार को ब्लैकमेलिंग की पूरी बात बताई। इसके अगले दिन एसएसपी ने आरोपियों पर कार्रवाई और पीड़ित की पूरी मदद करने का भरोसा दिलाया। तब जाकर व्यापारी ने तहरीर दी और प्राथमिकी दर्ज हुई।
कुमाऊं में पहले भी हनी ट्रैप में फंस चुके हैं रसूखदार
इतने बड़े स्तर पर हनी ट्रैप का यह पहला मामला नहीं है। कुमाऊं में इससे पहले भी ऐसे मामले सामने आ चुके हैं। इससे पहले वर्ष 2023 और 2024 में हनी ट्रैप का मामला सामने आया था। इस गिरोह ने करीब 12 से अधिक कार्यरत व सेवानिवृत्त शिक्षकों को अपना शिकार बनाया था। इसमें मुख्य आरोपी गौरी वर्मा उर्फ दमयंती और सरगना अजय गुप्ता था। गिरोह में खुद को अधिवक्ता बताने वाला विवेक बाठला उर्फ विक्की नाम का तीसरा सदस्य भी था। इस मामले में भी सभी आरोपियों को पुलिस ने जेल भेजा था।
ऐसे काम करते हैं हनी ट्रैप के गिरोह
अब तक सामने आए मामलों के आधार पर पुलिस ने हनी ट्रैप गिरोह के सदस्यों की कार्यशैली का एक खाका तैयार किया है। जानकारी के अनुसार, गिरोह की एक महिला लोगों को हनी ट्रैप में फंसाने का काम करती है। दूसरा सदस्य अधिवक्ता या कानून की बारीक जानकारी रखने वाला होता है जो गिरोह को बचाने के लिए हर तरह की कानूनी सलाह और कार्रवाई पर काम करता है। वहीं तीसरा एक सदस्य ऐसा भी होता है जो जो सामाजिक तौर पर लोगों से जुड़ने और घुलने मिलने वाला होता है। उसका काम गिरोह की महिला को पीड़िता के तौर पर समाज में पेश करने का होता है।
कहीं गिरोह का शिकार कोई और भी तो नहीं
अब तक ज्योति सिंह और मो. मुश्ताक की हादसे का शिकार बनने वाला एक ही पीड़ित सामने आया है। अटकलें भी लगाई जा रही हैं कि कहीं गिरोह का कोई और पीड़ित भी तो शहर में नहीं है। इस पर एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने कहा है कि अगर कोई और भी व्यक्ति इस तरह के मामले का पीड़ित है तो वह बिना डरे पुलिस के पास आए। गोपनीयता रखते हुए उनकी पूरी मदद की जाएगी और आरोपियों पर कार्रवाई भी।
यह उठ रहे सवाल
- आरोपियों ने पांच करोड़ की नकद राशि को कैसे और कहां ठिकाने लगाया
- कारोबारी ने इतनी बड़ी रकम कहां से जुटाई और परिवार को इसकी जानकारी कैसे नहीं हुई
- जांच के दौरान इतनी बड़ी रकम के भुगतान को लेकर क्या वित्तीय जांच होगी
- क्या पूर्व के मामले में जेल से छूटने के बाद ही गिरोह ने कारोबारी को निशाना बनाया
- गिरोह के सभी सात सदस्यों की क्या-क्या भूमिका थी और कैसे काम करते थे
पलिस को कारोबारी के मोबाइल से महिला आरोपी के किए धमकी भरे मैसेज और रुपये मांगने के साक्ष्य मिले हैं। इसके अलावा बैंक स्टेटमेंट भी पीड़ित ने दिए हैं। हर तथ्य पर जांच की जा रही है। जल्द पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। - डॉ. मंजुनाथ टीसी, एसएसपी नैनीताल
