फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Nainital News ›   4 died in accident

हादसे में दुल्हन की मां और दादी समेत चार की मौत

Haldwani Bureau हल्द्वानी ब्यूरो
Updated Wed, 17 Mar 2021 12:53 AM IST
विज्ञापन
4 died in accident
रुद्रपुर में भर्ती रजत गोयल। - फोटो : RUDRAPUR
किच्छा। गदरपुर से शादी समारोह से लौट रही तेज रफ्तार एक कार मंगलवार तड़के किच्छा में आदित्य चौक के पास दुर्घटना का शिकार हो गई। सुबह की सैर पर निकले एफसीआई रुद्रपुर के प्रबंधक को रौंदने के बाद एक पोल से टकराकर कार कलाबाजी खाते हुए करीब 150 फीट दूर जाकर एक गड्ढे में पलट गई।
विज्ञापन

हादसे में सैर पर निकले युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कार में सवार छह लोगों में से दुल्हन की मां, दादी के अलावा एक अन्य महिला को अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को रुद्रपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। सूचना पर एएसपी, सीओ और ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
विज्ञापन

बसंत गार्डन निवासी जगदीश कुमार गोयल की बेटी निशु की शादी सोमवार रात को गदरपुर के एक रिजॉर्ट में थी। परिजन सोमवार शाम को गदरपुर पहुंच गए थे। बताया जा रहा है कि तड़के दुल्हन की विदाई के बाद परिवार वाले अलग-अलग वाहनों से घरों को लौट रहे थे।
विज्ञापन
विज्ञापन

दुल्हन का चचेरा भाई रजत गोयल उर्फ रॉकी अपनी कार में अपनी मां निर्मला देवी पत्नी सुरेंद्र गोयल, चाची मंजू गोयल पत्नी जगदीश गोयल, ताई अनीता गोयल पत्नी स्व. मदनलाल निवासी बसंत गार्डन किच्छा, दादी चंद्रावती पत्नी सूरजभान निवासी सिसैया सितारगंज और किच्छा पुरानी मंडी निवासी आशा कार्यकर्ता कुसुमलता शर्मा पत्नी ज्योति प्रकाश के साथ लौट रहा था।
बताया जा रहा है कि इन्टर्राक कंपनी के पास अचानक कार असंतुलित होकर सड़क पर सैर के लिए निकले राधा कॉलोनी निवासी एफसीआई रुद्रपुर के प्रबंधक चरन सिंह (43) पुत्र तेज सिंह मूल निवासी नौगवां ठग्गू खटीमा को रौंदती हुई एक बिजली के पोल से टकराई और उछलती हुई कलाबाजी खाने के बाद करीब 150 फीट दूर एक गड्ढे में जाकर पलट गई।
हादसे में कार के परखचे उड़ गए। हादसे में चरन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की आवाज सुनकर इन्टर्राक कंपनी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और किसी तरह घायलों को बाहर निकालकर सीएचसी पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने दुल्हन की मां मंजू गोयल (63) और कुसुमलता (55) को मृत घोषित कर दिया। जबकि दुल्हन की दादी चंद्रावती (80) को रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल में मृत घोषित किया गया।
हादसे में घायल कार चालक रजत गोयल उर्फ रॉकी, उसकी मां निर्मला देवी और ताई अनीता को गंभीर हालत में रुद्रपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। घटना की सूचना पर एएसपी ममता बोहरा, सीओ सुरजीत कुमार, कोतवाल चंद्रमोहन सिंह मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
नींद का झोंका आने से हुआ हादसा
किच्छा। कोतवाल चंद्रमोहन सिंह ने हादसे का कारण चालक को नींद का झोंका आना बताया है। कोतवाल ने बताया कि कार सवार सभी लोग रातभर विवाह समारोह में रहे। सुबह विदाई के बाद गदरपुर से चले रात भर का जागा होने के कारण उसे नींद का झोका आया और यह हादसा हो गया। (संवाद)
इन्टर्राक कंपनी के कर्मचारी देवदूत बने
किच्छा। हादसे के बाद घटनास्थल पर सबसे पहले इन्टर्राक कंपनी के कर्मचारी देवदूत बनकर पहुंचे। कर्मचारियों ने कार के अंदर चीख रहे घायलों को बाहर निकालने का प्रयास करना शुरू किया लेकिन सफलता नहीं मिलने पर उन्होंने कंपनी से जेसीबी मंगाई। इसके बाद कार को बाहर निकालने के बाद घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। (संवाद)
कुसुमलता को बुधवार को हरिद्वार जाना था
किच्छा। हादसे में मृत कुसुमलता के परिजनों के अनुसार कुसुम का पुत्र रोहित हरिद्वार में जॉब करता है। कुसुम को बुधवार को अपने पुत्र रोहित के पास हरिद्वार जाना था। बताया कि गदरपुर में आयोजित विवाह में शामिल होने कुसुम भी चली गई। उन्हें रात को ही लौटना था लेकिन रात को सवारी ना मिलने के कारण वह गदरपुर में शादी के फेरे पूरे होने तक रुक गईं। तड़के लौटते समय कुसुम रॉकी की कार में बैठ गईं और फिर घर के नजदीक आते-आते यह हादसा हो गया। (संवाद)
जेई को पता नहीं था कि उसके ससुर भी यहां चपेट में आए हैं
किच्छा। नगर के ऊर्जा निगम में तैनात जेई उमेश सिंह राणा के साथ भी अजीब घटनाक्रम हुआ। उमेश ने बताया कि सुबह जब वह सोकर उठे तो उन्हें किसी ने फोन पर सूचित किया कि आदित्य चौक के पास एक कार बिजली के पोल से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई है।
उमेश ने बताया कि चूंकि घटनास्थल पावर हाउस के पास ही था तो वह अपने घर से टहलते हुए घटनास्थल पर पहुंचे। थोड़ी देर वहां रुकने के बाद वह लौट आए और थोड़ी देर बाद ही उन्हें फोन पर सूचना मिली कि उक्त स्थान पर हुए हादसे में उनके चचिया ससुर चरन सिंह जो एफसीआई के वेयर हाउस के प्रबंधक थे, उनकी जान चली गई। जेई का पूरा परिवार गमजदा है। (संवाद)
अगर रॉकी कार पहले अपने घर ले जाता तो टल जाता हादसा
किच्छा। रॉकी जब कार से गदरपुर से किच्छा के लिए चला तो कार में रॉकी के अलावा उसकी मां निर्मला देवी, चाची मंजू, ताई अनीता, दादी चंद्रावती और पुरानी मंडी निवासी कुसुमलता बैठी थीं। बताया जा रहा है कि नगर और घटनास्थल से काफी पहले ही बसंत गार्डन कॉलोनी है।
इन सबको पहले वहीं जाना था लेकिन पुरानी मंडी निवासी कुसुमलता ने कहा कि आप लोग पहले मुझे मेरे घर छोड़ दो फिर लौट आना। इस पर रॉकी पहले कुसुमलता को उसके घर छोड़ने के लिए कार को किच्छा की ओर लेकर आ गया। ये लोग अभी कुछ ही दूर बढ़े थे कि हादसा हो गया। यदि रॉकी पहले अपने घर सवारियां छोड़ देता तो क्या पता हादसा टल भी सकता था। (संवाद)
हादसे के बाद वर वधू दोनों घरों में शोक की लहर
किच्छा। इस हादसे में सबसे ज्यादा सदमा दुल्हन निशु को पहुंचा है। उसे यह नहीं पता था कि जिस मां ने उसे जन्म दिया और लाड़ प्यार से पाला उसके विवाह के दिन ही हादसे में मां ही नहीं बल्कि दादी की जान चली जाएगी। हादसे के बाद वर और वधू दोनों पक्षों के यहां मातम पसरा हुआ है। जिस घर में रात तक शहनाई की आवाजें आ रही थीं वहां पर रुक-रुककर अब करुण क्रंदन हो रहा है। (संवाद)
घटना पर जनप्रतिनिधियों ने जताया शोक
किच्छा। दुर्घटना की सूचना मिलते ही सरकारी अस्पताल में लोगों की भीड़ लग गई। विधायक राजेश शुक्ला, पालिकाध्यक्ष दर्शन कोली, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तिलक राज बेहड़, कांग्रेसी नेता संजीव कुमार सिंह व हरीश पनेरु, गिरधारी गोयल सीएचसी पहुंचे और दुर्घटना पर शोक जताया। पनेरु ने हादसे की मजिस्ट्रेटी जांच की मांग की है। (संवाद)
तीन घरों पर काल बनकर टूटा एक हादसा
रुद्रपुर। इकलौती बेटी की शादी को लेकर गोयल परिवार में काफी समय से तैयारियां चल रही थीं। लेकिन किसी ने सोचा भी नहीं था कि बेटी की शादी की खुशियों के बाद परिवार के लिए काल आ जाएगा। रातभर की खुशियां सुबह बेटी की विदाई के बाद मातम में पसर गई। एक ही परिवार के दो सदस्यों समेत चार लोगों की मौत ने वर-वधू परिवार को झकझोर कर रख दिया है। जिसने भी यह खबर सुनीं उसकी आंखें भर आईं।
बसंत गार्डन किच्छा के जगदीश कुमार गोयल की बेटी निशु की शादी दिनेशपुर के घनश्याम अग्रवाल के बेटे अक्षय के साथ तय हुई थी। दोनों पक्षों की रजामंदी से विवाह गदरपुर के अशोका रिजॉर्ट में सोमवार की रात हुआ। सोमवार सुबह कई अरमान सजाएं निशु, उसकी मां और पिता अपने मेहमानों के साथ रिजॉर्ट में पहुंच गए थे। देर शाम अक्षय बरात लेकर रिजॉर्ट में पहुंच गया।
रात में वर-वधू की धूमधाम से शादी हुई। सुबह साढ़े पांच बजे रिजॉर्ट से बरात दिनेशपुर के लिए निकल गई। बारात के जाने के एक घंटे बाद वधू पक्ष के लोग अपने-अपने वाहनों से किच्छा लौटने लगे। लेकिन किसे पता था कि उनकी यह यात्रा अंतिम यात्रा बन जाएगी। घटना के बाद से वर-वधू पक्ष के लोगों में परिजनों की मौत के बाद कोहराम मचा हुआ है।
वर पक्ष के घर में पार्टी हुई रद्द
रुद्रपुर। जिस तरह निशु के परिवार को शादी का बेसब्री से इंतजार था, उसी प्रकार अक्षय का परिवार भी तैयारियों में जुटा था। सोमवार को बरात के दिनेशपुर पहुंचते ही रात की पार्टी की तैयारियों की चर्चाएं शुरू हो गईं। लेकिन सड़क हादसे में वधू की मां, दादी समेत चार लोगों की मौत की खबर मिलते ही पार्टी की सारी तैयारियां धरी रह गईं। वर पक्ष की ओर से पार्टी का कार्यक्रम रद कर दिया गया। हादसे की जानकारी मिलते ही सभी परिजन और रिश्तेदार किच्छा के लिए रवाना हो गए। (संवाद)
हर आंख नम और जुबां खामोश
रुद्रपुर। चार लोगों की मौत गोयल और अग्रवाल परिवार ही नहीं किच्छा और दिनेशपुर के हर उस व्यक्ति को दर्द दे गया जिसने यह खबर सुनी। मौत की खबर के बाद सभी परिजनों को सांत्वना देने के लिए वधू निशु के घर पहुंचे। अधिकांश लोग पोस्टमार्टम हाउस के बाहर पहुंचकर घटना की जानकारी लेते रहे। (संवाद)

विधायक शुक्ला ने परिजनों को बंधाया ढाढ़स
रुद्रपुर। हादसे की सूचना के बाद किच्छा विधायक राजेश शुक्ला पोस्टमार्टम हाउस में पहुंच गए थे। उन्होंने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को सांत्वना देकर ढाढ़स बधाया। उन्होंने कहा कि परिजनों की हरसंभव मदद की जाएगी। इस मौके पर एएससी ममता बोहरा भी मौजूद थीं। (संवाद)

रुद्रपुर में भर्ती अनीता गोयल।

रुद्रपुर में भर्ती अनीता गोयल।- फोटो : RUDRAPUR

रुद्रपुर के जिला अस्पताल में भर्ती निर्मला गोयल।

रुद्रपुर के जिला अस्पताल में भर्ती निर्मला गोयल।- फोटो : RUDRAPUR

घटनास्थल पर कार का टूटा पहिया

घटनास्थल पर कार का टूटा पहिया- फोटो : KITCHHA

घटनास्थल पर मची भीड़

घटनास्थल पर मची भीड़- फोटो : KITCHHA

मृतक चरन सिंह की फाईल फोटो

मृतक चरन सिंह की फाईल फोटो- फोटो : KITCHHA

मृतका कुसुमलता की फाईल फोटो

मृतका कुसुमलता की फाईल फोटो- फोटो : KITCHHA

मृतका मंजू की फाईल फोटो

मृतका मंजू की फाईल फोटो- फोटो : KITCHHA

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed