रामनगर (नैनीताल)। नया गांव तेलीपुरा में आम के 18 पेड़ों की बिना अनुमति लॉपिंग कर दी गई। लॉपिंग की सूचना पर वन विभाग और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके से ट्रैक्टर और बाइक को कब्जे में लिया है। दूसरी ओर उद्यान विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
नया गांव तेलीपुरा में आम का बगीचा है। रविवार देर शाम को बगीचो में पेड़ों को काटने की सूचना पुलिस व वन विभाग को मिली। सूचना पर रामनगर रेंज के रेंजर देवेंद्र रजवार मय टीम मौके पर पहुंचे। वहां 18 पेड़ों की लॉपिंग की गई थी। पेड़ों के कटने तनों को ट्रैक्टर से दूसरे स्थान पर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से ट्रैक्टर और बाइक को कब्जे में ले लिया। सोमवार को उद्यान सचल दल प्रभारी अर्जुन सिंह परवाल ने बाग का निरीक्षण किया। बगीचे में 18 पेड़ों की लॉपिंग की गई थी, जबकि उद्यान विभाग से पांच पेड़ों की लॉपिंग की परमिशन मांगी गई थी। उद्यान सचल दल प्रभारी ने बताया कि जिन पेड़ों की परमिशन मांगी गई थी, उनकी लॉपिंग नहीं की गई थी। वहीं रामनगर रेंज के रेंजर देवेंद्र रजवार ने बताया कि बिना परमिशन के पेड़ो की लॉपिंग की गई। रामनगर कोतवाली के एसएसआई हरेंद्र नेगी ने बताया कि बगीचा मालिक ने भी कोतवाली में तहरीर दी है, जिसमें अज्ञात की ओर से पेड़ों को कटाने की बात कही है। बगीचा मालिक आशुतोष गोयल ने बताया कि उन्होंने छह माह पहले बगीचा बेच दिया है, लेकिन अब तक रजिस्ट्री नहीं हुई है। अज्ञात लोगों ने पेड़ों के तनों को काटा है।