रामनगर (नैनीताल)। ग्राम नया लालढांग क्षेत्र के ग्रामीणों ने मंगलवार को एसडीएम परितोष वर्मा के माध्यम से राजस्व मंत्री प्रकाश पंत को ज्ञापन भेजा। इसमें गांव को राजस्व ग्राम बनाने, गांव में मूलभूत सुविधाएं प्रदान करने की मांग की गई। ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा कि 18 वर्ष पूर्व कार्बेट टाइगर रिजर्व क्षेत्र से हटाकर उनके राजस्व गांव को आमपोखरा रेंज की वन भूमि पर विस्थापित किया गया था। तब से पुराने गांव को वन भूमि बना दिया गया लेकिन उन्हें दी गई वन भूमि को राजस्व गांव घोषित नहीं किया जा सका है। राजस्व गांव न होने के कारण ग्रामीणों को सरकारी सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीण बिजली, पानी, स्कूल, सड़क आदि से वंचित हैं। इससे वह अपने आप को छला हुआ महसूस कर रहे हैं। उन्होंने राजस्व मंत्री से उक्त मांगें पूरी करने का अनुरोध किया है। अन्यथा आंदोलन की चेतावनी दी है। इस दौरान अंबिका पडलिया, हेमा देवी, नीमा देवी, कमला देवी, गुड्डी देवी, मंजू देवी, धना देवी, बीना, रेखा, मंजू, ललिता, विमला, अंजलि आदि महिलाएं मौजूद रहीं।