राजकीय महाविद्यालय,कोटद्वार, भाबर में क्रीड़ा विभाग के तत्वाधान में फिट इंडिया कार्यक्रम के तहत योग शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को योग आसनों के प्रशिक्षण के साथ ही खान-पान में सावधानियां बरतने की जानकारी दी गई।
मंगलवार को महाविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य वीके अग्रवाल ने किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर ही मस्तिष्क का निर्माण कर सकता है इसलिए सभी को अपने स्वास्थ्य की देख-रेख सजगता से करनी चाहिए। इस अवसर पर सीजन योग ट्रस्ट, नई दिल्ली के सचिव योगाचारी शशि मोहन शर्मा ने छात्र-छात्राओं को विभिन्न योगासनों ताडासन, कोणासन, वृक्षासन, कटिचक्रासन, मार्जरी आसन, वज्रासन, सिंहासन, पदमासन का प्रशिक्षण दिया। योग प्रशिक्षक ने बताया की स्वस्थ रहने के लिए योग ही सबसे बेहतर उपाय है। उन्होंने सभी से फास्ट फूड न खाने की अपील की। इस अवसर पर महाविद्यालय की ओर से पीटीए की बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्राचार्य ने सभी छात्र-छात्राओं को परीक्षा में बैठने के लिए 75 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराना अनिवार्य बताया। मंच संचालन डॉ गीता रावत शाह व डॉ अनुराग शर्मा ने किया। इस अवसर पर डॉ भोलानाथ, डॉ विनय देवलाल, डॉ अनुराग शर्मा, डॉ अरविंद सिंह, सुमन नेगी, सन्नी आदि मौजूद रहे।