रक्षा मंत्रालय के उपक्रम भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) में आयोजित प्रदर्शनी के दूसरे दिन विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शनी देखी। कोटद्वार बीईएल की ओर से सेना के लिए बनाए गए रक्षा उपकरणों को देखकर छात्र देश भक्ति के जज्बे के साथ गौरवान्वित हो गए।
मंगलवार को जीआईसी सुखरो, जीजीआईसी कोटद्वार, आर्य कन्या इंटर कालेज, जीआईसी कोटद्वार, जीआईसी सत्तीचौड़ और टीसीजी पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राएं प्रदर्शनी देखने बीईएल पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनी में बीईएल कोटद्वार की ओर से सेना के लिए कॉल कंट्रोल एंड मीडिया गेट वे, रात को गश्त करने के लिए नाइट विजन कैमरा और दूरबीन, दुश्मन के टैंकों को उड़ाने के लिए माइन फील्ड प्रणाली, दुश्मन की गोलाबारी से आग लगने पर तत्काल कार्रवाई करने वाले एटोमेटिक फायर कलेक्शन गेटिंग सिस्टम, फायर डिटेक्शन एंड कंट्रोल सिस्टम, किसी भी मौसम और परिस्थिति में संपर्क बनाने के लिए टेेलीफोन एक्सचेंज स्मार्ट प्लस डेटा संचार टर्मिनल, नौसेना के लिए हर समय कनेक्टिविटी देने के लिए समुद्री रेडियो और मेट्रो के लिए बनाए गए इलेक्ट्रॉनिक टिकट बनाने वाली मशीन, एफसी गेटिंग सिस्टम आदि उपकरण देखे। छात्रा रेखा, प्रिया, ज्योति कश्यप ने कहा कि भारतीय सेना के लिए उपकरण बनाने वाली बीईएल पर गर्व है। कहा कि वे घर जाकर और विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं को उपकरणों के बारे में बताएंगी। इस दौरान उपमहाप्रबंधक रामपाल सिंह, दीपक कुमार, नवीन माहेश्वरी, डीबी किरन, शिव कुमार पोखरियाल, अशोक गिरि, शशि शेखर नेगी, दिनेश मिश्रा, एसपी काला, शिशुपाल सिंह नेगी, योगेंद्र कुमार, प्रधनाचार्य रेनू गौड़, शिक्षक संतोष नेगी और सितांशु खुगशाल आदि मौजूद थे।