खेल निदेशालय उत्तराखंड की ओर से और जिला क्रीड़ा अधिकारी पौड़ी के सौजन्य से राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य में क्रॉस कंट्री दौड़ का आयोजन किया गया। दौड़ी में प्रभु मेहतो और रीता ने अपने-अपने वर्गों में बाजी मारी।
ओपन बालक वर्ग की पांच किमी. क्रॉस कंट्री दौड़ स्टेडियम से शुरू होकर सिद्धबली मंदिर तक और वापस स्टेडियम तक पहुंची। प्रतियोगिता में प्रभु मेहतो, प्रवेश नेगी, जितेंद्र ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। तालिप और सुदर्शन को सांत्वना पुरस्कार के लिए चुना गया। ओपन बालिका वर्ग की तीन किमी. क्रॉस कंट्री दौड़ स्टेडियम से शुरू होकर ग्रास्टनंगज में ईदगाह तक और वापस स्टेडियम तक हुई। प्रतियोगिता में रीता, प्रेरणा काला, सुहानी ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। अंजलि और काजल को सांत्वना पुरस्कार के लिए चुना गया। प्रतियोगिता में 70 बालकों और 16 बालिकाओं ने प्रतिभाग किया। समापन समारोह में अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल प्रशिक्षक सुनील रावत और वॉलीबाल के वरिष्ठ खिलाड़ी धीरेंद्र कंडारी ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। इस मौके पर स्टेडियम के प्रभारी संदीप कुमार डुकलान, हॉकी कोच महेश्वर नेगी, सुधीर नेगी, वरुण भट्ट, महेंद्र रावत, सिद्धार्थ उनियाल और दृष्टांत आदि मौजूद रहे।