ब्लाक मुख्यालय द्वारीखाल में आयोजित जनसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि प्रदेश में महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है। जनता भाजपा के कुशासन से तंग आ चुकी है और उसे उखाड़ फेंकने का मन बना चुकी है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से राज्य हित में कांग्रेस को मजबूती प्रदान करने का आह्वान किया। इस मौके पर महिला मंगल दलों को सम्मानित भी किया गया।
जनसभा में मुख्य अतिथि नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने देश के पहले सीडीएस बिपिन रावत, उनकी पत्नी मधुलिका रावत के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का गौरवमयी इतिहास रहा है। कांग्रेस ने विकासवादी सोच के साथ पूर्व में कई विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान की थी, लेकिन भाजपा ने सत्ता में आते ही विकास कार्यों पर रोक लगाकर ठंडे बस्ते में डाल दिया। इस दौरान ब्लाक प्रमुख महेंद्र राणा ने कहा कि कांडाखाल स्थित शहीद स्थल में शहीद स्वतंत्र सिंह और सीडीएस बिपिन रावत की मूर्ति लगाई जाएगी। यदि जनता का सहयोग मिलता रहा, तो वह द्वारीखाल ब्लाक की तरह ही यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र को भी प्रदेश में अग्रणी विधानसभा बनाएंगे। इस मौके पर उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष रंजीत रावत, कांग्रेस कमेटी आईटी सेल के प्रभारी मनीष खंडूड़ी और पूर्व विधायक राजकुमार आदि ने विचार रखे।