उत्तराखंड: एनएसए और सीडीएस ने की सैन्य गतिविधियों की समीक्षा, गढ़वाल राइफल्स के सैनिकों का बढ़ाया मनोबल
एनएसए अजीत डोभाल और चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ और कर्नल ऑफ द रेजिमेंट एनएस सुब्रमणि ने वार मेमोरियल पर पुष्पांजलि अर्पित कर वीर बलिदानियों को श्रद्धांजलि दी।
विस्तार
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल का गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर लैंसडौन में दो दिवसीय दौरा संपन्न हो गया। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंट की गौरवशाली सैन्य परंपराओं का अवलोकन करना, सैनिकों का मनोबल बढ़ाना और विभिन्न प्रशिक्षण एवं कल्याणकारी गतिविधियों की समीक्षा के साथ-साथ पूर्व सैनिकों के साथ मेल-मिलाप करना रहा।
एनएसए अजीत डोभाल और चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ और कर्नल ऑफ द रेजिमेंट एनएस सुब्रमणि ने वार मेमोरियल पर पुष्पांजलि अर्पित कर वीर बलिदानियों को श्रद्धांजलि दी। एनएसए ने अधिकारियों, जेसीओ, अन्य सैनिकों एवं अग्निवीरों से संवाद कर उनके प्रशिक्षण, कार्यक्षमता और कल्याण संबंधित विषयों की जानकारी की।
बदरीनाथ पहुंचे सीएम धामी: की बदरी विशाल की पूजा अर्चना, मास्टर प्लान के कार्यों को देखा, महोत्सव में की शिरकत
सैन्य परंपराओं को सदैव बनाए रखें
सैनिकों के अनुशासन, समर्पण एवं उच्च पेशेवर दक्षता की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सैनिकों को राष्ट्र सेवा के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने एवं रेजिमेंट की गौरवशाली सैन्य परंपराओं को सदैव बनाए रखने का संदेश दिया।
उन्होंने गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल केंद्र के प्रशिक्षण ढांचे, शौर्य स्थल, प्रशासनिक व्यवस्थाओं एवं विभिन्न सैन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने सैनिकों के प्रशिक्षण स्तर पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि गढ़वाल राइफल्स की गौरवशाली परंपराएं भारतीय सेना की उत्कृष्ट सैन्य संस्कृति और मूल्यों का सशक्त उदाहरण है।
सैन्य प्रतिष्ठानों का भ्रमण किया
गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर परिसर एवं स्थानीय सैन्य प्रतिष्ठानों का भ्रमण करते हुए चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ एवं कर्नल ऑफ द रेजिमेंट एनएस सुब्रमणि के साथ शौर्य स्थल पर पौधारोपण किया।
इस अवसर पर जीआरआरसी की ओर से सीडीएस जनरल एनएस सुब्रमणि, कर्नल ऑफ द रेजिमेंट गढ़वाल ग्रुप व गढ़वाल स्काउट्स ले. जनरल दिनेश सिंह राना, ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी एवं पूर्व सैनिकों द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को स्मृति चिह्न व शाल भेंट कर सम्मानित किया गया।