रितेश शर्मा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज जानकीनगर कोटद्वार में कक्षा 12वीं के छात्र-छात्राओं का ‘आशीर्वाद शुभकामना समारोह’ मनाया गया, जिसमें छात्रों ने विद्यालय में गुरुजनों के मार्गदर्शन में बिताए गए लम्हों को याद किया। इस अवसर पर 11 मेधावी छात्र-छात्राओं की माताओं को कमला नेहरू पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
सोमवार को जानकीनगर स्थित विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम का विद्यालय के प्रबंधक राजेंद्र जखमोला, उपाध्यक्ष मीनाक्षी शर्मा और प्रधानाचार्य लोकेंद्र दत्त अंथवाल ने शुभारंभ किया। इस अवसर पर अतिथियों ने विद्यालय के 11 मेधावी छात्र-छात्राओं की माताओं को एक-एक हजार रुपये के चेक भेंटकर उन्हें कमला नेहरू पुरस्कार से सम्मानित किया। इस अवसर पर आयोजित आशीर्वाद शुभकामना समारोह में विद्यालय के कक्षा 12वीं के छात्र-छात्राओं ने अपने विद्यालय के अनुभवों को साझा किया। प्रधानाचार्य और आचार्यों ने 12वीं के छात्र-छात्राओं को उनके बोर्ड परीक्षा की सफलता और उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।