जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) एमएम खान ने सोमवार को ब्लाक मुख्यालय द्वारीखाल में ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों और सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) की बैठक ली। बैठक में 11 ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों में से 8 ग्राम पंचायत विकास अधिकारी उपस्थित रहे। डीपीआरओ ने अनुपस्थित ग्राम विकास अधिकारियों का जवाब तलब करने के साथ ही वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं।
समीक्षा बैठक में डीपीआरओ ने 23 ग्राम पंचायतों में ऑनलाइन पेमेंट न होने पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए ग्राम विकास अधिकारियों को 21 अक्तूबर तक सभी ग्राम पंचायतों में डिजिटल भुगतान की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। डीपीआरओ ने अधिकारियों को वर्ष 2020-21 के पंचायत कर निर्धारण की सूची बनाकर वसूली करने व कर में 25 फीसदी की बढ़ोत्तरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम पंचायतों को मिलने वाले पुरस्कारों की जानकारी देते हुए कहा कि ग्राम पंचायत विकास अधिकारी पुरस्कार में से कम से कम एक पुरस्कार की प्रश्नोत्तरी आवश्यक रूप से भरे, जिससे ग्राम पंचायतों को पुरस्कार मिल सके। इस मौके पर बीडीओ अतिया परवेज, ग्राम विकास अधिकारी अजीत तोमर, रवि कुमार, प्रीति गौड़, ज्योति, अशोक नैनवाल, पुष्कर चौहान मौजूद रहे। बैठक का संचालन सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) मनमोहन बिष्ट ने किया।