{"_id":"6776c52a704a6fa3bb0b31e1","slug":"forest-department-made-villagers-aware-in-affected-villages-increased-night-patrolling-kotdwar-news-c-5-1-gkp1010-584592-2025-01-02","type":"story","status":"publish","title_hn":"Kotdwar News: वन विभाग ने प्रभावित गांवों में ग्रामीणों को किया जागरूक, बढ़ाई रात्रि गश्त","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Kotdwar News: वन विभाग ने प्रभावित गांवों में ग्रामीणों को किया जागरूक, बढ़ाई रात्रि गश्त
विज्ञापन
विज्ञापन
दुगड्डा। लैंसडौन वन प्रभाग की दुगड्डा रेंज से सटे गांवों में हाथी समेत अन्य जंगली जानवरों का आतंक बना हुआ है। ये जंगली जानवर ग्रामीणों की फसलों, बागवानी को लगातार नुकसान पहुंचा रहे हैं। वनकर्मियों की ओर से प्रभावित गांवों में रात्रि गश्त कर ग्रामीणों को जागरूक किया गया। साथ ही वन्य जीवों को आबादी क्षेत्र से जंगल में खदेड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
दुगड्डा रेंज की सीमा से सटे हुए दुगड्डा ब्लॉक के साझासैंण, नाथूपुर, बिलंगी, जयहरीखाल ब्लॉक के ब्राह्मण बस्यूर, बांसी आदि गांवों में पिछले साल से हाथियों की लगातार आवाजाही बनी हुई है। हाथी ग्रामीणों के केले, आम, अमरुद आदि की बागवानी के साथ ही चारा पत्ती के पेड़ों को लगातार नुकसान पहुंचा रहे हैं।
विज्ञापन
हाथी की धमक के कारण ग्रामीणों का मुख्य बाजार दुगड्डा आवाजाही करना भी मुश्किल हो गया है। इन गांवों में मानव-वन्यजीव संघर्ष की संभावना को देखते हुए वन विभाग की ओर से जहां प्रभावित गांवों के ग्रामीणों को वन्यजीवों से सुरक्षित रहने के लिए जागरूक किया जा रहा है। वहीं कोहरे से प्रभावित इन क्षेत्रों में रात्रि गश्त भी बढ़ा दी गई है। वन विभाग ने ग्रामीणों को रात में अकेले आवाजाही न करने की सलाह दी है। इस मौके पर वन आरक्षी आशीष रमोला, आयुष बिष्ट, सहदेव सिंह, सहायक संजय कुमार ने रेंजर उमेश चंद्र जोशी के निर्देश पर प्रभावित गांवों में गश्त भी की।
विज्ञापन