धुमाकोट-पीपली-भौन मोटर मार्ग पर सोमवार सुबह एक डंपर अनियंत्रित होकर सड़क से 50 फीट नीचे खाई में जा गिरा। दुर्घटना में डंपर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची धुमाकोट पुलिस ने रेस्क्यू कर चालक को सड़क तक पहुंचाया और इसके बाद उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नैनीडांडा ले गई। डंपर सीमेंट और ईंटें लेकर रामनगर से मैरा गांव जा रहा था, लेकिन सड़क किनारे मलबा होने के कारण चालक ने वाहन पुश्ते पर चढ़ा दिया और पुश्ता कमजोर होने के कारण वाहन खाई में जा गिरा।
धुमाकोट के थानाध्यक्ष दीपक तिवाड़ी ने बताया कि सोमवार सुबह आठ बजे कंट्रोल रूम से धुमाकोट-पीपली भौन मोटर मार्ग पर डंपर के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस दल राहत उपकरणों के साथ दुर्घटनास्थल पर पहुंचा और रेस्क्यू कर घायल डंपर चालक हरिओम (40) पुत्र जमन सिंह चौधरी निवासी इंद्रानगर खताड़ी रामनगर को सीएचसी नैनीडांडा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद घायल को रामनगर रेफर कर दिया गया। डंपर में अन्य कोई सवार नहीं था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य के कारण पहाड़ वाली साइड पर मलबा पड़ा था, जिससे बचने के लिए डंपर चालक ने किनारे पुश्ते पर वाहन चढ़ा दिया। पुश्ता कमजोर होने के कारण ढह गया और वाहन खाई में जा गिरा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जो पुश्ता ढहा है, उसकी चिनाई मिट्टी से की गई थी, जिससे वह दबाव नहीं झेल सका और हादसा हो गया। वहीं लोनिवि लैंसडौन के सहायक अभियंता रंजीत भंडारी का कहना है कि मोटर मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। जेसीबी कटिंग कर रही है। मलबा हटाने के लिए जेसीबी चालक ने डंपर चालक को रुकने का इशारा भी किया, लेकिन डंपर चालक नहीं रुका। वाहन को साइड से निकालने लगा, जिससे दुर्घटना हो गई।