दिल्ली से लैंसडौन घूमने आए पर्यटकों की कार अनियंत्रित होकर करीब 600 मीटर नीचे गहरी खाई में गिरने से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को बेस अस्पताल कोटद्वार में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी है। दुर्घटना लैंसडौन के पास जयहरीखाल मार्ग पर हुई। कार में तीन लोग ही सवार थे।
बुधवार रात करीब 11 बजे जयहरीखाल-लैंसडौन मोटर मार्ग के वेलकम गेट के पास पर्यटकों की एक कार अचानक अनियंत्रित होकर 600 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। कार गिरने और चीख-पुकार की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और सेना व पुलिस को दुर्घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची एसडीआरएफ, सेना और पुलिस टीम ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। रात एक बजे एसडीआरएफ की टीम ने खाई से दो युवकों के शव और गंभीर रूप से घायल एक युवक को बाहर निकाला। हादसे में अन्य लोगों के होने की संभावना को देखते हुए रेस्क्यू आपरेशन सुबह 9 बजे तक चला, लेकिन कार में अन्य कोई नहीं मिला। कोतवाली निरीक्षक संतोष सिंह कुंवर ने बताया कि मिले दस्तावेजों के आधार पर मृतकों की पहचान तरुण शर्मा (33) पुत्र नरेश शर्मा निवासी भरथल द्वारिका दिल्ली, विकास राना (32) पुत्र रमेश राना निवासी बिजवासन कापसहेड़ा दिल्ली के रूप में हुई। घायल की पहचान अनुज वत्स पुत्र महावीर वत्स नजफगढ़ दिल्ली के रूप में की गई। । घायल को बेस अस्पताल कोटद्वार में भर्ती कराया गया है। शव पोस्टमार्टम के लिए कोटद्वार भेज दिए गए हैं। साथ ही मृतकों और घायल के परिजनों को सूचना दे दी गई है।