कोरोना वैक्सीनेशन का ग्राफ बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन ने घर-घर जाकर टीकाकरण शुरू कर दिया है। पहले चरण में 45 साल से ऊपर वालों के लिए यह अभियान चलाया गया है। इसमें रविवार को डेढ़ हजार लोगों को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घर-घर जाकर टीके लगाए।
कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर से पहले 45 साल से ऊपर वालों को अधिक से अधिक टीका लग जाए। इसके लिए जिला प्रशासन ने युद्ध स्तर पर अभियान शुरू कर दिया है। रविवार से जनपद के तीन सेंटरों पर 24 घंटों के लिए वैक्सीनेशन की सुविधा लोगों को दे दी गई है। अब जिलाधिकारी सी रविशंकर के निर्देश पर घर-घर जाकर वैक्सीनेशन भी शुुरू कर दिया गया है। इसके पीछे का कारण यह भी है कि कुछ लोग जागरूकता के अभाव में केंद्रों पर टीकाकरण कराने से परहेज कर रहे हैं। वहीं कुछ विकलांग और बुजुर्ग आदि केंद्रों तक नहीं पहुंच रहे हैं। इसको देखते हुए रविवार से 45 साल से ऊपर वाले लोगों के लिए कोरोना वैक्सीनेशन का टीकाकरण के लिए घर-घर स्वास्थ्य टीम ने पहुंचना शुरू कर दिया है। पहले दिन बसेड़ी खादर, अलावलपुर, मलकपुर, बहादरपुर और सेठपुर आदि गांवों में 40 स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने घर-घर जाकर टीकाकरण शुरू किया। इसमें एक ही दिन में डेढ़ हजार लोगों को कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन लगाई गई। सीएमओ डॉ. एसके झा ने बताया कि उन्होंने स्वयं भी स्वास्थ्य टीम के साथ घर-घर पहुंचकर टीकाकरण कराया। उनका कहना है कि तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए अधिक से अधिक लोगों को टीका लगाने पर जोर है।