{"_id":"57bde3b44f1c1b7f59d506e3","slug":"the-notification-of-the-election-of-the-district-planning-committee","type":"story","status":"publish","title_hn":"जिला योजना समिति के निर्वाचन की अधिसूचना जारी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जिला योजना समिति के निर्वाचन की अधिसूचना जारी
hridwar uttrakhanda india
Updated Wed, 24 Aug 2016 11:43 PM IST
विज्ञापन
देहरादून। शासन ने हरिद्वार जिला योजना समिति के निर्वाचन को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है। प्रमुख सचिव पंचायतीराज मनीषा पंवार के मुताबिक 40 सदस्यीय जिला योजना समिति में 21 सदस्यों का चयन जिला पंचायत से, 11 सदस्य नगर निकायों से निर्वाचित होंगे। जबकि आठ सदस्य सरकार द्वारा मनोनीत किए जाएंगे। प्रमुख सचिव के मुताबिक जिला पंचायत के 47 सदस्य आपस में मिलकर 21 सदस्यों का निर्वाचन करेंगे। जबकि हरिद्वार और रुड़की नगर निगमों के अलावा शिवालिक नगर, भगवानपुर, मंगलौर, लक्सर, लंढौरा और पिरान कलियर जैसी नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों के 90 पार्षद जिला योजना समिति के लिए कुल 11 सदस्यों का निर्वाचन करेंगे।
विज्ञापन
जहां तक नगर निकायवार जिला योजना समिति के सदस्यों का सवाल है तो हरिद्वार और शिवालिकनगर नगर पालिका से पांच, रुड़की और भगवानपुर नगरपालिका से चार, मंगलौर नगरपालिका से एक सदस्य का निर्वाचन किया जाएगा। जबकि झबरेड़ा, लक्सर, पिरान कलियर और लंढौरा नगर पंचायत मिलकर एक सदस्य का निर्वाचन करेंगे। पंचायतीराज प्रमुख सचिव मनीषा पंवार के मुताबिक निर्वाचन के पहले चरण में निर्वाचन क्षेत्रों का परिसीमन सुनिश्चित किया जाएगा। परिसीमन निर्धारण को लेकर 26 अगस्त तक आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेगी। अगले दिन यानी 27 अगस्त को आपत्तियों पर सुनवाई, 29 अगस्त को जिलाधिकारी/ जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा शासन को आख्या प्रेषित की जाएगी। इसी दिन शासन स्तर पर निर्वाचन क्षेत्रों का अंतिम परिसीमन किया जाएगा। जबकि अगले दिन यानी 30 अगस्त को परिसीमन का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। दूसरी ओर जिला योजना समिति के निर्वाचन को लेकर अधिसूचना जारी होने के बाद ही राजनीति भी गरमा गई है। समिति का सदस्य बनने को लेकर जहां जिला पंचायताें, नगर निकायों में सदस्यों के बीच मारामारी शुरू हो गई हैं वहीं शासन स्तर से आठ सदस्यों के मनोनयन को लेकर भी कई लोगों ने दांवपेंच आजमाना शुरू कर दिया है। उल्लेखनीय है कि जिला योजना समिति का निर्वाचन पांच साल के लिए होगा। समिति अगले पांच साल तक हरिद्वार जिले में विकास कार्यों का न सिर्फ मसौदा तैयार करेगी वरन बजट आवंटन की भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।
विज्ञापन