{"_id":"69b7c317b1466ea75edef337c88fb1e3","slug":"sivananda-expressed-threatens-lives-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"शिवानंद ने जताया जान का खतरा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
शिवानंद ने जताया जान का खतरा
ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
Updated Sat, 05 Dec 2015 11:14 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरिद्वार। गंगा में खनन बंदी की मांग को लेकर चल रही मातृसदन के ब्रह्मचारी आत्मबोधानंद की तपस्या आठवें दिन जारी रही। परमाध्यक्ष स्वामी शिवानंद सरस्वती ने खनन माफिया से अपनी जान को खतरा बताया। उन्होंने मुख्यमंत्री और तत्कालीन मुख्यसचिव पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए स्मरण पत्र भेजने की बात कही। दो दिन में खनन पर कार्रवाई नहीं होने पर सोमवार से उन्होंने खुद तपस्या करने की चेतावनी दी।
विज्ञापन
शनिवार को मातृसदन में पत्रकारवार्ता में स्वामी शिवानंद सरस्वती ने कहा कि सीएम और मुख्य सचिव के साथ 18 जून को हुई बैठक में रायवाला से भोगपुर तक खनन बंदी को लेकर सहमति बनी थी। उस समय एक माह में नोटिफिकेशन जारी करने की बात कही गई थी। 20 सितंबर को वह स्वयं तत्कालीन प्रमुख सचिव राकेश शर्मा को मिलने गए थे। उन्होंने कैबिनेट की बैठक में इस मामले को रखने के बाद नोटिफिकेशन जारी करने की बात कही थी। लेकिन आज तक नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ। उन्होंने वनमंत्री पर खनन करने वालों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। माफिया से अपनी जान को खतरा बताते हुए उन्होंने कहा कि डेढ़ माह से कुछ लोग उनकी रैकी कर रहे हैं। इसकी सूचना थाना कनखल को दी जा चुकी है। आरोप लगाया कि उनकी हत्या कराने के लिए माफिया ने चीनू पंडित को सात करोड़ रुपये दिए थे। वहीं भूरा की फरारी में भी हरिद्वार के खनन माफिया की भूमिका की बात पुलिस की पूछताछ में सामने आई थी।
विज्ञापन
स्वामी शिवानंद ने कुंभ क्षेत्र के नोटिफिकेशन पर भी सवाल उठाए। कहा कि जब देवप्रयाग को कुंभ क्षेत्र में शामिल किया गया है तो शहर से 10 किलोमीटर दूर के इलाके क्यों छोड़े गए। कहा कि शुक्रवार को उन्होंने पथरी क्षेत्र में खनन पट्टों के आसपास हो रहे अवैध खनन पर कार्रवाई करने के लिए एसओ पथरी को फोन किया था लेकिन उन्होंने पिलरबंदी न होने की बात कहते हुए कार्रवाई से इनकार कर दिया।
विज्ञापन
इनसेट
आज भी नहीं कराया मेडिकल
तपस्या के आठवें दिन ब्रह्मचारी आत्मबोधानंद सरस्वती का चिकित्सीय परीक्षण करने आए राजकीय चिकित्सालय के चिकित्सकों को मातृसदन के संतों ने शनिवार को भी लौटा दिया। ब्रह्मचारी दयानंद सरस्वती ने बताया कि राजकीय चिकित्सालय के चिकित्सकों से चिकित्सा परीक्षण नहीं कराएंगे।
इनसेट
फोटो
सामाजिक सेना का अनशन जारी
हरिद्वार। नियमों के अनुसार खनन खोलने की मांग को लेकर सामाजिक सेना के जिला उपप्रमुख सरफराज अंसारी का आमरण अनशन शनिवार को भी जारी रहा। अंसारी ने कहा कि खनन को बदनाम कर दिया गया है जबकि लंबे अरसे से गंगा तटीय क्षेत्र के लोग खनन के आधार पर अपनी रोजी-रोटी चलाते आ रहे हैं। जब से खनन पर रोक लग रही है तब से यहां लोग बेरोजगार हो गए हैं। ऐसे लोगों की मदद के लिए वे अनशन कर रहे हैं। जब तक खनन नहीं खोला जाता वे अनशन जारी रखेंगे। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य अजय चौधरी मायाराम कश्यप, नरेंद्र प्रधान, सुनील जायसवाल, नाथी चौहान, सुबोध कुमार, विजय चौहान, बिजेंद्र चौहान, राजीव कुमार आदि ने समर्थन दिया। सामाजिक सेना के जिला प्रमुख लोकेश कुमार ने अचानक अपने पद से जिला प्रमुख पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने राष्ट्रीय प्रमुख विनोद गिरि महाराज को भेजे अपने त्यागपत्र में कहा कि वह पारिवारिक कारणों से इस्तीफा दे रहे हैं।
चार ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज
पथरी। बिशनपुर कुंडी में शनिवार सुबह करीब नौ बजे पुलिस ने बिना रायल्टी के खनन सामग्री लेकर जा रही चार ट्रैक्टर ट्रॉलियों को पकड़ा । थानाध्यक्ष चंद्रभान सिंह ने बताया कि खनन सामग्री से भरी इन ट्रॉलियों को सीज कर दिया है। इनके पास खनन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं थे।