अनोखी शादी: स्लोवाकिया से हरिद्वार आकर एक दूजे के हुए पेट्रोलिना और जैकब, हिंदू रीति-रिवाज से रचाई शादी
हरिद्वार में सनातन संस्कृति का अनूठा रंग देखने को मिला, जब स्लोवाकिया से आए पेट्रोलिना और जैकब ने मां गंगा को साक्षी मानकर हिंदू रीति-रिवाज से सात फेरे लिए और सात जन्मों तक साथ निभाने का संकल्प लिया।
विस्तार
धर्मनगरी हरिद्वार में सनातन संस्कृति और भारतीय वैवाहिक परंपराओं के प्रति विदेशी जोड़े का आकर्षण देखने को मिला। स्लोवाकिया से आए पेट्रोलिना और जैकब ने कुंभनगरी हरिद्वार में हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार विवाह रचाकर एक-दूसरे को जीवनसाथी के रूप में स्वीकार किया।
धर्मशाला में आयोजित विवाह समारोह में पुरोहित डॉ. प्रतीक मिश्रपुरी ने कई विद्वान पंडितों के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह की सभी रस्में संपन्न कराईं। इस पावन अवसर का साक्षी राजघाट बना, जहां मां गंगा की कल-कल बहती धारा के बीच वैवाहिक कार्यक्रम आयोजित किया गया।
चारधाम यात्रा: आज से शुरू होगी बदरीनाथ मंदिर के कपाट बंद करने की प्रक्रिया, पंच पूजाएं होंगी संपन्न
वैदिक मंत्रों और पारंपरिक रीति-रिवाजों से रचाई शादी
विवाह समारोह में वर-वधू ने अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए और सात जन्मों तक एक-दूसरे का साथ निभाने का संकल्प लिया। वैदिक मंत्रों और पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच संपन्न हुए इस विवाह ने भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं की वैश्विक स्वीकार्यता की एक सुंदर तस्वीर पेश की।
इस अवसर पर डॉ. प्रतीक मिश्रपुरी ने कहा कि आज समाज में तलाक जैसी बढ़ती प्रवृत्तियों के बीच विदेशी जोड़ों का सनातन संस्कृति और हिंदू विवाह परंपराओं की ओर आकर्षित होना महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पेट्रोलिना और जैकब ने हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह कर भारतीय संस्कृति के प्रति अपनी आस्था और सम्मान प्रकट किया है।
विवाह संपन्न होने के बाद नवदंपती अपने देश स्लोवाकिया लौट जाएंगे। हरिद्वार की पावन धरती और मां गंगा के तट पर संपन्न हुआ यह विवाह उनके जीवन की यादगार स्मृति बन गया।