पत्रकारिता के आदर्श महापुरुष अमर शहीद गणेश शंकर विद्यार्थी की जयंती पखवाड़ा समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जगद्गुरु शंकराचार्य राजराजेश्वराश्रम महाराज ने कहा कि पत्रकार और पत्रकारिता समाज का दर्पण है। गणेश शंकर विद्यार्थी पत्रकारिता के आदर्श महापुरुष हैं, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में संघर्ष कर पत्रकारिता के उच्च मापदंडों को स्थापित करते हुए सामाजिक समरसता और सांप्रदायिक सद्भाव के लिए अपने प्राणों का उत्सर्ग किया।
बृहस्पतिवार को नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट (इंडिया) की ओर से प्रेस क्लब में संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जगद्गुरु शंकराचार्य राजराजेश्वराश्रम महाराज ने कहा कि पत्रकार की सामाजिक जिम्मेदारियां और राष्ट्र के प्रति समर्पण पत्रकारिता की प्रथम सीढ़ी है। समारोह की अध्यक्षता करते हुए गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. रूपकिशोर शास्त्री ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता के सामने अनेक चुनौतियां है, जिनका उन्हें सामना करना पड़ रहा है। गणेश शंकर विद्यार्थी की शिक्षाओं को जीवन में उतार कर निष्पक्ष पत्रकारिता की जा सकती है। समारोह में मुख्य वक्ता के रूप में एनयूजेआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक मलिक ने कहा कि गणेश शंकर विद्यार्थी ने स्वतंत्रता संग्राम और पत्रकारिता के क्षेत्र में जो योगदान दिया है उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता है। एनयूजेआई के प्रदेश अध्यक्ष वृजेंद्र हर्ष व विशिष्ट अतिथि विधायक सुरेश राठौर ने कहा कि जिन बलिदानियों, अमर शहीदों ने राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का उत्सर्ग किया हैं वे सदैव याद किये जाते रहेंगे। समारोह में आए हुए विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों, पत्रकारों एवं विशिष्ट लोगों का स्वागत एनयूजेआई के जिला अध्यक्ष बालकृष्ण शास्त्री, मुख्य संयोजक धर्मेन्द्र चौधरी, कोषाध्यक्ष तनवीर अली तथा प्रेस क्लब अध्यक्ष राजेश शर्मा ने किया। कार्यक्रम में आईआईटी रुड़की के प्रो. सतेंद्र मित्तल, सीओ सिटी अभय प्रताप सिंह, नरेश गुप्ता, ईशांत पांडे, एम हसीन, मेनका त्रिपाठी, कुणाल धवन को उत्कृष्ट कार्य के लिए गणेश शंकर विद्यार्थी सम्मान से सम्मानित किया गया। समारोह में प्रो. पीएस चौहान, सुनील पांडे, गंगा सभा अध्यक्ष प्रदीप झा, तन्मय वशिष्ठ, डॉ. विशाल गर्ग, संजय चोपड़ा, भूपेंद्र सिंह, उधम सिंह, एके श्रीवास्तव, वेद प्रभा श्रीवास्तव, अंजली माहेश्वरी, कुमार दुष्यंत, शमशेर बहादुर, अधीर कौशिक, नितिन राणा, अश्विनी अरोडा, सुनील दत्ता, सचिन तिवारी आदि मौजूद रहे।