{"_id":"570fe0714f1c1b613d4a6b79","slug":"he-will-fulfill-the-dreams-of-ambedkar-shah","type":"story","status":"publish","title_hn":"अंबेडकर के सपनों को पूरा करेंगे मोदी : शाह","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अंबेडकर के सपनों को पूरा करेंगे मोदी : शाह
hridwar uttrakhanda india
Updated Thu, 14 Apr 2016 11:55 PM IST
विज्ञापन
केंद्र सरकार का बखान
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरिद्वार। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने डा. भीमराव अंबेडकर को भारत की एकता का मुख्य सूत्रधार बताते हुए कहा कि अंबेडकर और पटेल के दम पर ही भारत एकता के सूत्र में बंध सका। उन्होंने कांग्रेस समेत अन्य दलों पर बाबा साहेब की उपेक्षा का आरोप लगाया और दावा किया कि भाजपा ही उनकी वैचारिक विरासत संभाले हुए है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी में ही अंबेडकर के सपनों को साकार करने की इच्छाशक्ति है।
विज्ञापन
अमित शाह बृहस्पतिवार की शाम भेल के सेक्टर एक में भाजपा नेता व अध्यात्मिक गुरु सतपाल महाराज की मानव उत्थान समिति के बैनर तले आयोजित समरसता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि डा. भीमराव अंबेडकर का जीवन बेहद संघर्षपूर्ण रहा। इसके बावजूद उन्होंने उच्च शिक्षा प्राप्त कर और समाज को रास्ता दिखाकर यह साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी की मोहताज नहीं होती। उन्होंने कहा कि आजादी के समय अंग्रेजों ने भी सवाल उठाया था कि 350 से ज्यादा रजवाड़े और रियासतों में बंटा भारत शायद ही कभी एक हो पाए। लेकिन सरदार पटेल ने रियासतों को खत्म कर और अंबेडकर ने संविधान का निर्माण कर देश को एकजुट किया। कांग्रेस पर डा. अंबेडकर की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने उन्हें संसद में जाने से रोकने के लिए साजिश रची। संसद में उनकी प्रतिमा न लगें यह प्रयास किया और उन्हें देश का सर्वोच्च सम्मान भी नहीं दिया। इसके विपरीत भाजपा एकमात्र ऐसा राजनीतिक दल है जिसने अपनी नीतियों का निर्माण ही डा. अंबेडकर की विचारधारा को आधार मानते हुए किया है। केंद्र सरकार अंबेडकर से जुड़े पांच स्थानों को पंचतीर्थ के रुप में विकसित कर रही है। सभी पांच स्थानों पर उनके स्मारक बनाए जा रहे हैं।
विज्ञापन
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज डा. अंबेडकर के नाम पर ग्राम उदय से भारत उदय विषयक विशेष कार्ययोजना पूरे देश में लागू की है। 24 अप्रैल तक चलने वाली यह योजना गांवों के विकास को नई दिशा देगी। क्योंकि भारत का विकास गांवों के विकास से ही संभव है। उन्होंने कहा कि भाजपा की अटल बिहारी वाजपेयी सरकार ने डा. अंबेडकर को देश का सर्वोच्च सम्मान भारत रत्न प्रदान किया। मौजूदा सरकार भी उनके सपनों को साकार करने की दिशा में कार्य कर रही है। सम्मेलन के आयोजक सतपाल महाराज ने डा. अंबेडकर को बड़ा समाज सुधारक बताया। अध्यात्म में विश्व परिवर्तन की बड़ी शक्ति बताते हुए उन्होंने कहा कि अध्यात्म के दम पर ही भारत विश्व गुरु बन सकता है। इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू, सांसद रमेश पोखरियाल निशंक, प्रदेश अध्यक्ष अजय भटट ने अपने संबोधन में अमित शाह का स्वागत किया और केंद्र सरकार की उपलब्धियों का बखान किया। मंच पर राज्यसभा सांसद तरुण विजय, स्थानीय विधायक मदन कौशिक, जिलाध्यक्ष सुरेश राठौर समेत कई नेता मौजूद रहे। सतपाल महाराज के संत्सग में आए भारी जनसमूह और भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ देखकर अमित शाह भी गदगद दिखे।
विज्ञापन