जिलाधिकारी सी रविशंकर ने कहा कि कोरोना संक्रमण फैलने की अभी भी आशंका बनी हुई है। इस संक्रमणकाल में जिस प्रकार से समाजसेवी संस्थाओं ने आगे बढ़ चढ़कर काम किया, उसकी अभी भी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि नियम तोड़ने पर कार्रवाई संभव नहीं है, लेकिन यदि प्रत्येक व्यक्ति जागरूक हो और नियम तोड़ने वालों को मौके पर ही सचेत किया जाए तो कोरोना को बढ़ने से रोका जा सकेगा।
रविवार को भेल मजदूर कल्याण परिषद इंटक के कार्यालय पर 45 दिन तक संचालित रसोई के अल्प विराम के अवसर जिलाधिकारी सी रविशंकर ने सहयोगी रहे लोगों को गमछा पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने समाजसेवियों के द्वारा लॉकडाउन की अवधि में लगातार सेवा करने वालों के कार्य की सराहना की। नोडल अधिकारी नरेंद्र यादव ने कहा कि जिला प्रशासन के साथ समाजसेवी संस्थाओं ने कंधे से कंधा मिलाकर काम किया। इस मौके पर इंटक के महासचिव राजबीर सिंह, महानगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल, मेयर प्रतिनिधि अशोक शर्मा, नीरज चौहान, यशवंत सैनी, कैलाश प्रधान, अंकित चौहान, वीके सिन्हा, बीएस तेजियान, जयप्रकाश न्यूली, कुंवर सिंह बिष्ट, सुनील सिंह, संगम शर्मा आदि शामिल हुए।